
मेरठ में माशूका की चौखट पर प्रेमी ने खाया जहर,एक चिटठी ने खोल दिया राज
किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र में साजिद की मौत का खुलासा पुलिस ने कर दिया है,मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। पुलिस ने साजिद की प्रेमिका और उसके दो भाइयों को हिरासत में लिया है। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि साजिद और महिला के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। जिसके चलते साजिद 25 जून को महिला के घर गया था और महिला पर अपने साथ रहने का दबाव बना रहा था। महिला के विरोध करने पर साजिद ने उसी रात जहर खा लिया था। साजिद को अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद महिला और उसके भाइयों ने लाश को वहीं ललियाना के पास जंगल में फेंक दिया।
किठौर के ललियाना निवासी साजिद की परीक्षितगढ़ में लोहे की दुकान थी। 25 जून को साजिद लापता हो गया था। तीन दिन पहले उसकी लाश गांव के पास जंगल में बरामद की गई। इस लाश की लोकेशन किसी व्यक्ति ने घर पर चिट्ठी फेंककर बताई थी। परीक्षितगढ़ थाने में इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया और छानबीन शुरू की गई थी। इसी मामले में पुलिस ने लिसाड़ी गेट के समर गार्डन निवासी साजिद की प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की। खुलासा हुआ कि साजिद और महिला के बीच पिछले 20 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। साजिद अब महिला पर अपने साथ रहने का दबाव बना रहा था। 25 जून को भी वह महिला के घर पहुंचा और वहां उस पर साथ चलने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। साथ चलने से इनकार करने पर साजिद ने जहर की पुड़िया निगल ली थी।
हालत बिगड़ने के बाद महिला ने अपने पड़ोस में ही रहने वाले भाई को बुलाया और साजिद को अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में ही साजिद की मौत हो गई, जिसके बाद साजिद की लाश को वहीं ललियाना के पास जंगल में फेंक दिया। महिला और उसके भाई मान रहे थे कि कोई ना कोई शव को देखकर पुलिस को सूचना देगा। हालांकि काफी समय बाद तक भी जब किसी ने शव की सूचना पुलिस को नहीं दी तो महिला ने ही साजिद के घर पर लाश की लोकेशन बताते हुए चिट्ठी भेजी थी। पुलिस ने फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में महिला व उसके भाइयों को आरोपी बनाया जा रहा है।
Published on:
2 Jul 2022, 6:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.