
Honour Killing: विवाहिता बहन ने दो महीने पहले भागकर किया था निकाह, भार्इ उसकी गर्दन काटने के बाद पहुंच गया थाने
मेरठ। जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक भाई ने अपनी बहन की गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी भाई खुद ही खून से सने हाथ और कपड़ों मेें थाने पहुंचा और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने अपनी बहन की हत्या कर दी है। उसकी बात सुनकर एक बार तो पुलिसकर्मियों ने उसे पागल समझा, लेकिन जब उसकी हालत देखी तो उन्हें यह समझते देर नहीं लगी कि वह सच बोल रहा है। इसके बाद सीओ कोतवाली के समक्ष भी आरोपी भाई आस मोहम्मद उर्फ आसू ने बहन की हत्या करना कबूल किया। आरोपी भाई अपनी बहन के भागकर निकाह करने से नाराज था। आॅनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात से हर कोई सहम गया। आरोपी युवक ने अपना जुर्म स्वीकार कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
सात साल पहले हुआ था बहन का निकाह
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की गुलफशा उर्फ गुल्लो का निकाह सात वर्ष पूर्व चमड़ा पैंठ निवासी इरफान से हुआ था। बताया जा रहा है कि दो माह पूर्व वह घर से भाग गई थी। उसने घर से भागकर पड़ोसी युवक आबिद के साथ निकाह कर लिया था। जिससे परिजन बेहद नाराज थे। निकाह के बाद दोनों घर से कुछ दूरी पर ही मकान किराए पर लेकर रहने लगे। तभी भाई आस मोहम्मद ने बहन गुलफशा को मारने की धमकी दी थी। आरोपी भार्इ का कहना है कि उसने निकाह करके खानदान की नाक कटा दी।
मां की बीमारी का बहाना बनाकर लाया था
पुलिस के मुताबिक, रात तीन बजे भार्इ घर से निकला और बहन को अपनी मां की बीमारी का बहाना बताकर घर से बुला ले आया। आस मोहम्मद बहन गुलफशा को घर के पास हरि के खेत में बुर्काा पहनाकर ले गया और छुरे से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आस मोहम्मद ने स्वयं ही पुलिस बुलाकर अपने आप को हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट मोहम्मद असलम का कहना है कि आॅनर किलिंग का मामला है। आरोपी भार्इ से पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Published on:
4 Aug 2018, 5:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.