
मेरठ में प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए प्रेमी ने खुद पर नाबालिग दोस्त से गोली चलवा ली। मौके पर हो गई मौत।
Meerut Crime: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यूपी के मेरठ से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां प्रेम प्रसंग में रोड़ा बने प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए साजिश रचने वाला प्रेमी खुद ही शिकार बन गया। इस मामले में मृत प्रेमी का नाबालिग दोस्त भी मुसीबत में फंस गया। पुलिस ने उसे गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दरअसल, मेरठ के गंगानगर थानाक्षेत्र के अम्हेड़ा आदिपुर गांव निवासी 22 साल के हर्ष का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बीते दिनों युवती के परिजनों ने उसे युवती के साथ पकड़ लिया था। इसके बाद भारी बवाल और हंगामे के बाद गंगानगर थाने में हर्ष के खिलाफ युवती के परिजनों ने हर्ष के खिलाफ शिकायत दी थी। इसका बदला लेने के लिए हर्ष ने बड़ी भयंकर साजिश रची। इसमें अपने एक नाबालिग दोस्त को भी शामिल किया। हालांकि मामला उलटा पड़ गया और इसमें हर्ष की ही मौत हो गई। पुलिस जांच के बाद पकड़े गए हर्ष के नाबालिग दोस्त ने पुलिस को पूरी कहानी बताई तो पुलिसवालों के भी होश उड़ गए।
गंगानगर थाना प्रभारी ने बताया कि अम्हेड़ा गांव निवासी 22 साल के हर्ष का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिनों युवती के परिजनों ने हर्ष को आपत्तिजनक हाल में पकड़ा था। इसके बाद गंगानगर थाने में हर्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी का बदला लेने के लिए हर्ष ने खुद पर गोली चलवाने की साजिश रची। इसे वह अपने ऊपर हमले के रूप में दिखाकर प्रेमिका के परिजनों को फंसाना चाहता था। इसमें उसने अपने एक 16 साल के दोस्त को भी शामिल किया। हालांकि साजिश हर्ष पर ही भारी पड़ गई।
हर्ष ने दोस्त से पेट पर गोली चलाने को कहा था, लेकिन तमंचे से निकली गोली हर्ष के सीने में जा धंसी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हर्ष की मौत के बाद डरा-सहमा नाबालिग दोस्त चुपचाप अपने घर चला गया। सुबह जब गांव के बाहर निकले लोगों को हर्ष का शव मिला तो कोहराम मच गया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि शाम को हर्ष अपने नाबालिग दोस्त के साथ देखा गया था। इसके बाद नाबालिग दोस्त से पूछताछ की गई तो हकीकत सामने आई।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हर्ष के नाबालिग दोस्त ने बताया कि हर्ष अपनी प्रेमिका के परिजनों पर बहुत नाराज था। उन्हें फंसाने के लिए वह एक तमंचा खरीदकर लाया था। इसके बारे में पूछने पर उसने अपने प्लान की जानकारी देते हुए मदद मांगी। साजिश के तहत मंगलवार की रात हर्ष तमंचा लेकर घर से निकला और उसे भी साथ ले गया। गांव के बाहर पहुंचने पर हर्ष ने उसे तमंचा देते हुए पेट पर गोली चलाने को कहा। हर्ष के नाबालिग दोस्त का कहना है कि पहले तो वो डरा, लेकिन हर्ष ने दोस्ती का वास्ता देकर दबाव बनाया तो उसने निशाना साधा, लेकिन गोली चलने पर निशाना चूका और हर्ष के पेट के बजाय सीने पर गोली जा लगी। इससे हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई।
हर्ष की मौत से वह बुरी तरह डर गया। इसके चलते उसने किसी को घटना की सूचना नहीं दी और अपने घर जाकर छिप गया। इधर, रात में हर्ष घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रात में उसका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह जब ग्रामीण गांव के बाहर पहुंचे तो ईख के खेत पर लगे पेड़ के नीचे हर्ष का लहूलुहान शव पड़ा मिला। इसकी सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने आनन-फानन में डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो शव से थोड़ी दूर पर तमंचा पड़ा मिला। उसमें कारतूस का खोखा भी फंसा था। इस दौरान मौके पर हर्ष के परिजन भी पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, गांव वालों ने आखिरी बार हर्ष को अपने नाबालिग दोस्त के साथ देखे जाने की बात कही। इसपर नाबालिग दोस्त को पकड़कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूछताछ में नाबालिग दोस्त ने पूरी कहानी बताई। गंगानगर थाना प्रभारी ने बताया कि हर्ष मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, वह मंगलवार शाम छह बजे काम से लौटने के बाद करीब रात आठ बजे घर से निकला था। उसने थोड़ी देर में लौट आने की बात कही थी, लेकिन रात भर नहीं लौटा। सुबह करीब साढ़े नौ बजे उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि हर्ष ने प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए साजिश रची थी, जिसका वह खुद ही शिकार हो गया। इस मामले में हर्ष के नाबालिग दोस्त को हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी देहात राकेश कुमार और सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पिता संजय ने पुलिस को बताया कि एक छात्रा से हर्ष का प्रेम-प्रसंग था। वह रोजाना उससे मोबाइल पर बात करता था। युवती के परिजन इसका विरोध करते थे। दो दिन पूर्व विवाद भी हुआ था। युवती के परिजनों ने हर्ष के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल भी छीना था। बाद में वह नया फोन लेकर आया था। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम को शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घर में पिता संजय, मां रेसा है। हर्ष तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। नौवीं कक्षा में फेल होने के बाद से हर्ष मजदूरी करने लगा था।
Updated on:
26 Jun 2025, 5:08 PM IST
Published on:
26 Jun 2025, 4:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.