
यहां मुस्लिमों ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लगाने के बाद पुतला फूंका, प्रधानमंत्री मोदी से की ये मांग, देखें वीडियो
मेरठ। कश्मीर में आतंकी हमले के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों के परिजनों के प्रति जहां देश में सहानुभूमि की लहर है, वहीं दूसरी ओर हमले के आरोपी पाकिस्तान के खिलाफ आम लोगों का गुस्सा अभी भी सड़कों पर फूट रहा है। लोगों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मेरठ में सभी वर्गों के लोग अपने-अपने तरीके से पाकिस्तान के खिलाफ गुस्से का इजहार कर रहे हैं। शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को लेकर मेरठवासियों के मुस्लिम वर्ग में भी गम बरकरार है।
विभिन्न संगठनों के साथ ही मुस्लिम युवा और मुस्लिम संगठनों से जुड़े लोगों ने विरोध-प्रदर्शन कर अपने गम और गुस्से का इजहार किया। शुक्रवार को जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग कोतवाली पर एकत्र हुए और उन्होंने वहां पर पाकिस्तान के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया। मुस्लिमों ने कोतवाली थाने के समीप घटना की निंदा की और नारेबाजी कर पाकिस्तान का पुतले में आग लगाई। मुसलिम वर्ग ने शुक्रवार को जुमे की नमाज में भी आतंकी हमले में शहीद जवानों को मगफिरत की दुआ मांगी। इसके साथ ही घायल हुए जवानों की सेहत याबी के लिए दोनों हाथ उठाकर दुआ मांगी। जुमे की नमाज के बाद जमीयत उलमा मेरठ के बैनर तले मुस्लिम युवा और मुस्लिम संगठनों से जुड़े लोग कोतवाली थाने के समीप एकत्रित हुए। कश्मीर में आतंकी हमले की कड़ी भर्त्सना की और हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी।
मेरठ निवासी शहीद जवान अजय कुमार को भी दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि प्रदान की। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की और पाकिस्तान का पुतला फूंका। मुस्लिम वर्ग ने इस दौरान हिन्दुस्तान जिन्दाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद, हिन्दुस्तान के अमर शहीदों की याद में नारेबाजी की। मुस्लिम युवाओं ने कहा कि आतंकवादियों का अब कोई मजहब नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि अब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश पाकिस्तान को सबक सिखाना चाहिए।
Published on:
23 Feb 2019, 2:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.