
बम की अफवाह के चलते आज दो घंटे देरी से मेरठ सिटी स्टेशन पहुंची नौचंदी एक्सप्रेस
नौचंदी एक्सप्रेस में बम रखे जाने की सूचना से मेरठ तक हड़कंप मच गया। नौचंदी एक्सप्रेस में जिस समय बम रखे जाने की सूचना प्राप्त हुई उस समय ट्रेन प्रयागराज से लखनऊ वाले रूट पर थी। नौचंदी एक्सप्रेस में बम की सूचना पर इसको रायबरेली रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया और स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी के अलावा थाना पुलिस ने सभी कोचों में छानबीन कराई। छानबीन के दौरान पता चला कि अग्निशमन यंत्र के तार से किसी ने छेड़छाड़ की थी। जिसके चलते फायर अलार्म बज गया था। पूरी छानबीन करने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि प्रयागराज से मेरठ आ रही नौचंदी एक्सप्रेस जब रायबरेली की पहुंचने वाली थी इसी दौरान उसमें लगा अलार्म आवाज करने लगा। इस दौरान नौचंदी एक्सप्रेस की लोकेशन लक्ष्मणपुर स्टेशन पर थी। अलार्म बजने का रायबरेली स्टेशन को मैसेज किया। जिससे आरपीएफ और जीआरपी मुस्तैद हो गई। थाना पुलिस को भी स्टेशन पर भेजा गया। नौचंदी एक्सप्रेस में अलार्म बजने के बाद से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सुरक्षा के मददेनजर नौचंदी एक्सप्रेस को रायबरेली रेलवे स्टेशन में तीन नंबर प्लेटफार्म पर रोका गया। ट्रेन के रुकते ही आरपीएफ और पुलिस ने सुरक्षा घेरे में ले लिया। अलार्म की आवाज स्लीपर कोच से आ रही थी। सबसे पहले स्लीपर कोच का मुआयना किया गया।
छानबीन के दौरान स्लीपर कोच एस-9 में शौचालय के पास अग्निशमन यंत्र मिला। जिसके साथ किसी ने छेड़छाड़ की थी। इसीलिए अलार्म बजा था। उसे ठीक करके अलार्म को बंद कर दिया गया। इससे फोर्स के साथ यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके चलते ट्रेन पौन घंटे तक रूकी रही। मेरठ स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि आज नौचंदी एक्सप्रेस करीब दो घंटे की देरी से सिटी स्टेशन पहुंची है।
Published on:
22 Sep 2022, 12:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.