
WhatsApp crime News Meerut मेरठ में आजकल व्हाट्सएप पर लड़कियों की डीपी लगाकर अश्लील मैसेज और अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेलिंग की जा रही है। इन शातिरों ने अब पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों और मीडियाकर्मियों केा अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। व्हाट्सएप नंबर पर लड़कियों के फोटो लगाकर पुलिस अधिकारियों और मीडियाकर्मियों के व्हाट्सएप नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज किए जा रहे हैं। जिसने जवाब दिया वो इनके जाल में तुरंत फंस जाता है। ऐसे दो मामले सामने आए हैं। जिसमें एक मीडियाकर्मी के मोबाइल नंबर व्हाट्सएप मैसेज आया और दूसरा जिले के एक सीओ के पेशकार को व्हाट्सएप पर लड़की ने दोस्ती पेशकश की।
जिले के एक सीओ के पेशकार के मोबाइल पर एक लड़की ने पहले दोस्ती का मैसेज भेजा। उसके बाद फोन कर परेशान कर रही है। पूरा मामला देहात क्षेत्र के सर्किल के एक सीओ के पेशकार से जुड़ा बताया जाता है। सीओ दौराला के पेशकार के मोबाइल पर अंजान नंबर से एक मैसेज आया। जिसमें युवती ने अपने को राजस्थान के उदयपुर निवासी रिया शर्मा बताया। युवती ने मैसेज के माध्यम से कहा कि क्या तुम मेरे से दोस्ती करोगे। इसके बाद पेशकार समझ गए कि यह कोई ब्लैकमेल करने वाले गिरोह में शामिल युवती का मैसेज है, जो मैसेज का जवाब देने के बाद दोस्ती के नाम पर ब्लैकमेल करते हैं। सर्विलांस के जरिये अंजान नंबर की तलाश की जाएगी।
दौराला सीओ के पेशकार दारोगा रामपाल सिंह हैं। दारोगा की मानें तो उनके मोबाइल पर पिछले दो दिनों से लगातार मैसेज आ रहे हैं। पहले तो उन्होंने उस नंबर को नजरअंदाज किया। मगर, फिर मैसेज आने पर दारोगा ने मैसेज से ही पूछा कि तुम कौन हो। दूसरी तरफ से बताया गया कि उसका नाम रिया शर्मा है। रिया ने पूछा कि तुम कहां रहते हो। जिस पर दारोगा ने झूठ बोल दिया कि जयपुर। इस पर रिया ने मैसेज में कहा मैं उदयपुर रहती हूं। क्या तुम मेरे से दोस्ती करोगे। अंजान नंबर वाले व्हाट्सएप पर युवती की प्रोफाइल पिक लगी है।
युवती ने दो से तीन बार दारेागा के मोबाइल पर व्हाट्सएप काल की। मगर दारोगा ने रिसीव नहीं किया। दारेागा समझ चुके थे कि ब्लैकमेल करने वाले गिरोह की यह हरकत है। दारोगा ने कहा कि वह सर्विलांस के जरिये अंजान नंबर की डिटेल निकलवाने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। बता दें कि इस तरह की वारदातें शहर में तेजी से बढ़ रही हैं। कुछ पत्रकारो के मोबाइल पर भी इस तरह के मैसेज आए हैं। एक पत्रकार के मोबाइल पर तो सेक्सी वीडियो काल तक का मैसेज आ चुका है। लेकिन उन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है।
Updated on:
16 Sep 2022, 2:17 PM IST
Published on:
16 Sep 2022, 1:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.