
Munna Bajrangi Murder: वेस्ट यूपी के इन कुख्यातों के साथ मिलकर मुन्ना बजरंगी पहुंचा था नोएडा
बागपत। माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में हत्या के बाद कुख्यात सुनील राठी की जेल बदल दी गई। वहीं पुलिस द्वारा इस हत्याकांड का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अब इस मामले में पुलिस द्वारा दोबारा पूछाताछ की जाएगी। जिसके बाद ही हत्या के कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
दरअसल, जिला जेल में बजरंगी हत्याकांड में पुसि को कोई पुख्ता सुराग नहीं मिले हैं। जिसके चलते पुलिस तन्हाई बैरक के बंदियों से दोबारा पूछताछ करेगी। इसके लिए पुलिस ने सीजेएम कोर्ट से अनुमति मांगी है। बताया जा रहा है कि पुलिस यह मान कर चल रही है कि जेल के अंदर से ही कुछ ऐसे तथ्य अवश्य मिलेंगे जिससे इस हत्याकांड के कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि गत 9 जुलाई को बागपत जेल में पूर्वांचल के माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप कुख्यात सुनील राठी पर है। वहीं जिस दिन इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया उस दिन तन्हाई बैरक में सुनील राठी के अलावा कई और कुख्यात बदमाश भी मौजूद थे। हालांकि पुलिस को अभी तक कोई चश्मदीद गवाह नहीं मिल सका है, जो इस पूरे मामले की सच्चाई बता सके।
वहीं मामले की जांच करने के दौरान सीओ वंदना शर्मा, विवेचक रजनीश कुमार व जांच टीम जेल में बंद बंदियों से पूछताछ कर चुकी है। लेकिन किसी ने मामले में कुछ नहीं बताया। वहीं मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह कई सफेदपोशों पर आरोप लगा चुकी है और उनका कहना है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए बड़े स्तर पर प्लानिंग की गई है। राठी तो सिर्फ एक मोहरा है। बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड की विवेचना इंस्पेक्टर शिव प्रकाश सिंह को दी गई है। जो इस हत्याकांड की वजह का पता लगाने के लिए हत्या के वक्त तन्हाई बैरक में मौजूद कुख्यातों से पूछताछ करेंगे।
Published on:
25 Jul 2018, 12:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.