
मंदिर में पुजारी ने वाल्मीकि समाज की महिलाओं को पूजा करने से रोका तो, इन्होंने दी यह चेतावनी
मेरठ। यूपी में हमीरपुर में मंदिर में घटना के बाद अब मेरठ में धर्म परिवर्तन की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इससे मेरठ प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एक तरफ तो भाजपा सभी समाज के लोगों को साथ लेकर चलने की बात कह रही है। वहीं दूसरी ओर समाज में ही दलितों और वाल्मिकियाें के साथ भेदभाव किया जा रहा है। मामला वाल्मीकि समाज के लोगों से जुड़ा हुआ है, जिन्हें मंदिर में पूजा करने से रोका गया। इतना ही नहीं उन्हें घुसने भी नहीं दिया गया। वाल्मीकि समाज के लोगों ने धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी है।
यह है मामला
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव पचगांव पट्टी निवासी वाल्मीकि समाज के लोगों ने एसएसपी कार्यालय में पहुंचकर धर्म परिवर्तन की धमकी देते हुए हंगामा किया। आरोप है कि गांव में मंदिर है। जिसमें मंदिर का पुजारी उन्हें पूजा करने से मना करता है। उन्होंने आरोप लगाए कि पुजारी कहता है कि वाल्मीकि हिंदू धर्म में नहीं आते हैं। वाल्मीकि समाज के लोगों ने बताया कि उनके गांव में एक बहुत पुराना मंदिर है। जहां पर पूरा गांव पूजा-अर्चना करता है। मंदिर के पास एक कुटिया है जिसमें पुजारी रहता है। पुजारी मंदिर में पूजा अर्चना करता है। पुजारी को ग्रामीणों ने रखा हुआ है। दो दिन पहले वाल्मीकि समाज की महिलाएं मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंची तो पुजारी ने उन्हें वापस लौटा दिया। महिलाओं को पुजारी ने कहा कि जाओ घर पर जाकर पूजा-अर्चना करों। यह मंदिर हिन्दुओं का है इसमें वाल्मीकियों को पूजा करना मना है।
लाेगों ने पुजारी पर लगाए आरोप
इसके बाद जब पुजारी से बात करने के लिए वाल्मीकि समाज के लोग पहुंचे तो पुजारी ने कहा कि वाल्मीकि समाज के लोग मंदिर में पूजा नहीं कर सकते। उनके अलग से मंदिर बने हुए हैं। वह वहां पर जाकर पूजा करें। वाल्मीकि समाज के कुछ लोगों ने विरोध किया तो पुजारी ने उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि पुजारी ने वाल्मीकि युवकों के खिलाफ भावनपुर थाने में जानलेवा हमले की तहरीर भी दी है। प्रदर्शन करने वाले वाल्मीकि समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पुजारी के खिलाफ कार्रवार्इ नहीं होती तो वे धर्मपरिवर्तन कर लेंगे। इस बारे में एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच करवाई जा रही है। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Published on:
1 Aug 2018, 9:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.