
मेरठ. केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि बिल के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को एक साल होने वाला है। किसान आंदोलन में शामिल किसान संगठनों के उत्साह में न तो कोई कमी आई है और न आंदोलनस्थल पर किसानों की संख्या कम हुई है। किसान आंदोलन को लेकर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जब सरकार पांच साल चल सकती है तो किसान आंदोलन लंबा क्यों नहीं चल सकता? किसान दिल्ली की ओर अपने ट्रैक्टरों का मुंह करके रखें।
मेरठ में गढमुक्तेश्वर से गंगा स्नान से लौटते वक्त गुरुवार को ईको कार और टैंको में भिडंत हो गई। इस हादसे में चिंदौडी गांव के टैंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हुए। शुक्रवार को भाकियू नेता राकेश टिकैत मृतकों के परिवार को सांत्वना देने जंगेठी गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी ली।
इसके बाद प्रेस से बातचीत में राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम तो घटा दिए, लेकिन यह नहीं बताया कि पेट्रोल-डीजल पर दाम कितने बढ़ाए गए थे? गाजीपुर बॉर्डर पर अपने टेंटों की मरम्मत के लिए किसान 29 नवम्बर को रिपेयरिंग दिन मनाएंगे। राकेश टिकैत ने किसानों से कहा कि खेतों में काम करने के साथ ही किसान अपने ट्रैक्टरों में डीजल भरकर दिल्ली की ओर मुंह करके रखें। कभी भी किसानों को दिल्ली के लिए बुलावा आ सकता है।
Published on:
6 Nov 2021, 4:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.