
मेरठ. प्रदेश सरकार भले ही पुलिसकर्मियों की सुविधा में इजाफा कर रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस के एसआई दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल तक बनने को तैयार हैं। मेरठ में एसआई अजीत सिंह ने तो उत्तर प्रदेश पुलिस की नौकरी से आजिज आकर इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश पुलिस की नौकरी से बेहतर है कि वह दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल बनकर नौकरी करने लग जाएं। दरअसल, काम का बोझ और अधिकारियों की फटकार उत्तर प्रदेश पुलिस के एसआई और कांस्टेबल स्तर के कर्मचारियों के लिए मानसिक तनाव का कारण बना हुआ है। अधिकारियों का डंडा कि काम करो और अपराध रोको। वहीं, डयूटी शेडयूल में अवकाश का कहीं नामोनिशान नहीं है, जिसकी वजह से पुलिसकर्मी हमेशा तनाव में रहते हैं।
डयूटी शेडयूल से असंतुष्ट
उत्तर प्रदेश पुलिस के 24 घंटे के ड्यूटी शेड्यूल से असंतुष्ट एसआई ने गुरुवार को एसएसपी मंजिल सैनी के सामने पेश होकर इस्तीफा दे दिया। दारोगा का कहना है कि यूपी पुलिस में एसआई की जगह वह दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल बनकर नौकरी करना ज्यादा पसंद करेगा। एसएसपी मंजिल सैनी ने नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। अलीगढ़ जिले के खैर निवासी अजीत सिंह का उत्तर प्रदेश पुलिस के वर्ष 2011 बैच में उप निरीक्षक पद पर चयन हुआ था। एक सितंबर 2017 को उसकी आमद मेरठ के रोहटा थाने में हुई। अजीत सिंह का कहना है कि यूपी पुलिस में न तो ड्यूटी का कोई शेड्यूल है और न हीं छुट्टी ही आसानी से नहीं मिलती।
बोला तीन माह में 12 किग्रा वजन हुआ कम
उन्होंने अपना दुख बयान करते हुए कहा कि तीन माह में उसका वजन 12 किलो वजन कम हो गया। दारोगा का कहना है कि निरंतर ड्यूटी करने से उसकी तबीयत खराब हो गई है। एसआई के मुताबिक वह वर्ष 2010 में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल था और टेक्निकल रिजाइन देकर यूपी पुलिस में दारोगा के पद पर भर्ती हुआ था। दारोगा बनने के बाद उसने महसूस किया कि यूपी पुलिस में कर्मचारी के पास अपनी जिंदगी जीने के लिए समय ही नहीं है। इसलिए वह वह फिर से दिल्ली पुलिस में सिपाही बनना चाहता है। दारोगा के बड़े भाई मैनपुरी की किसनी तहसील में एसडीएम हैं।
Updated on:
29 Dec 2017 12:14 pm
Published on:
28 Dec 2017 08:47 pm
