
मेरठ। मवाना तहसील के बहसूमा क्षेत्र के गांव झुनझुनी में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोरी और पशु की मौत हो गई। बिजली गिरने से घर में परिवार के आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। मौके पर अधिकारी भी पहुंचे। अन्य देहात इलाके में आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिली है, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
झुनझुनी गांव में महबूब के मकान पर बिजली गिर गई। जिसमें एक कमरा व टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। झाडू़ लगा रही महबूब की 14 वर्षीय बेटी कहकशां की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। उसका शव जगह-जगह से झुलस गया। टिन शेड के नीचे बंध रहे चार पशु भी बिजली गिरने से झुलस गए और एक मवेशी ने दम तोड़ दिया। बिजली की कड़कड़ाहट शोरशराबे से मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर किशोरी के शव को बाहर निकाला। उधर, परिवार के छह सदस्य बाल-बाल बच गए। सूचना पर तहसीलदार, एसओ बहसूमा मौके पर पहुंच गए। लेकिन, परिजनों ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
फलावदा रोड पर मंदिर के पास ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिरने से मोहल्ला काबलीगेट, मुन्नालाल व जाट कालोनी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उधर, मवाना के ही गांव पहाड़पुर में अजयपाल सिंह के मकान पर गिरी। जिससे सबमर्सिबल और एक पंखा फुंक गया। जबकि उसकी 19 वर्षीय बेटी सपना बाल-बाल बच गई। इस बारे में तहसीलदार अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटना का समाचार लोगों के माध्यम से मिला है। उन्होंने बताया कि किशोरी की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई या फिर मकान की छत गिरने से इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलता, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
Published on:
22 Feb 2020 12:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
