
बागपत। योगी जी या मेरी जमीन दिला दो या फिर मरने की इजाजत दे दो। गांव में एक बाहुबली व्यक्ति ने मेरी जमीन कब्जा ली है और आपकी पुलिस रिश्वत मांगती है। दरअसल मामला बागपत जनपद के बिनोली क्षेत्र का है, जहां सीएम को पत्र भेज कर दो सगे भाइयों ने इच्छामृत्यु की मांग की है।
दरअसल पीड़ितों का आरोप है कि चकबन्दी के दौरान उन्हें कुछ वर्ष पहले जमीन मिली थी, जिस पर वो लोग खेती कर परिवार चलाते थे और इस जमीन पर अधिकारियों के आदेश के बाद भी पुलिस से मिलीभगत कर एक बाहुबली ने कब्जा कर मकान बना लिया है। पीड़ितों ने एक चौकी इंचार्ज व दो सिपाहियों पर आरोपी के साथ मिले होने का भी आरोप लगाया है कि जमीन कब्जाने वाले व्यक्ति के कहने पर चौकी इंचार्ज उन्हें प्रताड़ित करता है। इसी से तंग होकर उन्होंने अब इच्छामृत्यु मांगी है। वहीं जिस दरोगा पर आरोप लगा है, उसका कहना है कि उस पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं। उसके पास प्रार्थना पत्र आया था, जिसके बाद उसने जमीन पर बन रहे मकान को रुकवा दिया है।
दरअसल मामला थाना बिनोली क्षेत्र के बरनावा गांव का है। जहां आदेश कुमार शर्मा व उसके परिवार की पैतृक जमीन पर गांव के बाहुबली व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। आदेश शर्मा को ये जमीन चकबन्दी प्रक्रिया में मिली थी और उसे पाने के लिए वह चकबंदी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन परिवार को अभी तक जमीन पर कब्जा नहीं मिल पाया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उसके चक संख्या 128 व 391 में प्रदिष्ट गाटा संख्या 3208 पर गांव का ही एक बाहुबली अवैध निर्माण कर रहा है, जिसकी शिकायत एसडीएम बड़ौत व चकबंदी अधिकारियों से की गई।
यह भी पढ़ें-युवक को हिरासत में लेकर यातना देने पर हंगामा
उसके बाद अधिकारियों ने पुलिस को निर्माण रुकवाने के निर्देश दिए थे। लेकिन चौकी इंचार्ज बरनावा आनन्द प्रकाश व दो सिपाहियों ने आरोपी से मिलकर जमीन पर मकान का निर्माण करा दिया। इसी से क्षुब्ध होकर आदेश और उसके छोटे भाइयों ने सीएम से इच्छा मृत्यु मांगी है। चौकी इंचार्ज आंनद प्रकाश का कहना है कि मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मामला संज्ञान में आने पर जमीन पर किया जा रहा निर्माण तत्काल रुकवा दिया गया था। उन्होंने दोनों पक्षों पर जमीन के पेपर होने की बात कही है।
Published on:
1 Jul 2018, 2:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.