
बेरहम पत्नियों की बर्बरता। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Major Crime Cases Uttar Pradesh:उत्तर प्रदेशमें पिछले कुछ महीनों के दौरान पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़े कई ऐसे सनसनीखेज मामले सामने आए, जिन्होंने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। कहीं पत्नी ने पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया, तो कहीं पति को रस्सियों से बांधकर बिजली के झटके दिए गए। मेरठ में एक मामले में पति की हत्या के बाद वारदात को सांप के काटने का रूप देने की कोशिश की गई, जबकि एक अन्य चर्चित केस में शव को ड्रम में भरकर कंक्रीट डाल दिया गया। आपको बताते हैं उत्तर प्रदेश के ऐसे ही 4 चर्चित मामलों के बारे में।
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा कस्बे में सामने आई घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। आरोप है कि रूबी नाम की महिला ने पहले अपने पति सुरेंद्र शर्मा को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। जब पति गहरी नींद में सो गया तो उसकी हत्या कर दी।
वारदात से पहले महिला ने अपनी दोनों बेटियों को जेठ के घर भेज दिया था। हत्या के बाद उसने शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद करीब 45 दिनों तक वह परिवार और पुलिस को गुमराह करती रही। जब भी कोई सुरेंद्र के बारे में पूछता, वह कहती कि पति बिना बताए कहीं चले गए हैं और रोने का नाटक करने लगती। दोनों की शादी करीब 16 साल पहले हुई थी।
फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव में पति के साथ कथित रूप से बर्बरता का मामला सामने आया। आरोप है कि पत्नी ने पति संजय तिवारी को रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसे बिजली के तार से करंट भी दिया गया। डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, पीड़ित के भाई की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और उसे हिरासत में लिया गया।
मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव में अमित कश्यप उर्फ मिक्की की मौत को पहले जहरीले सांप के काटने का मामला माना गया था। शव के नीचे जिंदा वाइपर सांप मिला था और शरीर पर सांप के डसने के कई निशान भी थे।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, पत्नी रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पहले अमित का गला दबाकर हत्या की और फिर घटना को हादसा दिखाने के लिए शव के नीचे जहरीला वाइपर सांप रख दिया। दबाव पड़ने पर सांप ने शव को कई बार डसा। पुलिस का दावा है कि अमरदीप एक सपेरे से 1 हजार रुपये में वाइपर सांप खरीदकर लाया था।
मेरठ का सौरभ राजपूत हत्याकांड देशभर में सुर्खियों में रहा। 29 साल के सौरभ राजपूत लंदन में नौकरी करते थे और घटना से कुछ समय पहले ही भारत लौटे थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, 28 साल की मुस्कान रस्तोगी ने अपने कथित प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर 3 मार्च की रात सौरभ की हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक ड्रम में डालकर उसमें कंक्रीट भर दिया गया जिससे पहचान और बरामदगी मुश्किल हो सके। पुलिस ने ड्रम को कब्जे में लेकर कटर से काटा और शव बाहर निकाला। इस मामले ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
संबंधित विषय:
Updated on:
08 Jul 2026 02:35 pm
Published on:
08 Jul 2026 02:35 pm
