
बेड के अंदर छिपे मिले प्रेमी के मामले की इनसाइड स्टोरी। फोटो सोर्स-Ai
Woman Locked Children In Bathroom: मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र की बिस्मिल्लाह कॉलोनी में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। आरोप है कि एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही 2 मासूम बेटों को पूरी रात बाथरूम में बंद रखा। बच्चों ने किसी तरह अपने पिता से संपर्क किया, जो रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। पिता की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घर की तलाशी के दौरान महिला का कथित प्रेमी बेड के अंदर छिपा मिला। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। पुलिस ने महिला, उसके कथित प्रेमी और अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आपको बताते हैं पूरी इनसाइड स्टोरी।
पुलिस के मुताबिक, बिस्मिल्लाह कॉलोनी निवासी महिला का पति रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहता है। उसकी पत्नी मेरठ स्थित घर में अपने 10 और 8 साल के बेटों के साथ रहती है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला के पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम संबंध हैं।
पुलिस के मुताबिक, महिला के बच्चों ने बताया कि गुरुवार देर रात एक शख्स आया था। दोनों बच्चों ने उसे घर में देख लिया। इसके बच्चों ने अपने पिता को ये पूरी बात फोन पर बता दी। आरोप है कि इससे नाराज होकर महिला और उसके कथित प्रेमी ने पहले बच्चों की पिटाई की और फिर रात करीब 2 बजे उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति ने अपने रिश्तेदार और अन्य परिजनों को घर भेजा। साथ ही उन्होंने मेरठ पुलिस को भी फोन कर तत्काल मदद मांगी।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो सबसे पहले दोनों बच्चों को बाथरूम से बाहर निकाला गया। इसके बाद पूरे घर की तलाशी ली गई। शिकायत के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला का कथित प्रेमी बेड के अंदर छिपा मिला, जिसे बाहर निकाल लिया गया।
घटना के दौरान महिला ने अपने कथित प्रेमी के परिजनों को भी बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान महिला के कथित प्रेमी के एक रिश्तेदार ने तमंचा दिखाकर मोबाइल फोन छीनने की भी कोशिश की। मारपीट में महिला के पति का भतीजा और एक अन्य युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
महिला के पति की शिकायत और परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला उसके कथित प्रेमी और अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SP सिटी मेरठ विनायक गोपाल भौंसले ने बताया कि शिकायत में महिला पर अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर दोनों बच्चों को पूरी रात बाथरूम में बंद रखने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच कराई जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
01 Aug 2026 03:57 pm
Published on:
01 Aug 2026 03:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
