
दिल्ली: चोरी करने आए थे, कैश नहीं मिला तो बिरयानी खाकर लैपटॉप ले गए
दिल्ली के सरिता विहार से हैरान करने वाली खबर है। यहां दो चोर रेस्टोरेंट में चोरी करने के लिए घुसे। खास बात यह है कि वे उसी रेस्टोरेंट में चोरी करना चाहते थे, जहां वे रोज बिरयानी खाया करते थे। किंतु जब रात को रेस्त्रां में चोरी की फिराक में घुसे तो वहां पर उन्हें कैश नहीं मिला। ऐसे में उन्होंने वहां पड़ी बिरयानी खाई। आराम किया और फिर वहां पड़े लैपटॉप लेकर चले गए। चोरी करते समय उन्होंने मुंह ढंके हुए थे। इसलिए सीसीटीवी में फुटेज से उनकी पहचान मुश्किल थी। जब वे चोरी किया हुआ लैपटॉप बेचने गए, तब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके मामले का भंडाफोड़ किया। दोनों आरोपियों की पहचान राजू सिंह (19) और बॉबी राजू उर्फ छोटू बंगाली (22) के रूप में हुई।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार- दो चोर सरिता विहार के एक छोटे से रेस्त्रां में अक्सर बिरयानी खाने जाया करते थे। उनकी बिक्री देखकर उन्हें लगा कि मालिक को काफी कमाई होती होगी। यही सोचकर उन्होंने इसी रेस्त्रां में चोरी करने की सोची। उन्होंने इसके लिए पूरी योजना बनाई और सेमवार की रात इसे अंजाम देने के लिए रेस्त्रां में घुस गए।
वे जानते थे कि वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने अपने चेहरे ढंक लिए। वे दोनों रेस्त्रां के पिछले रास्ते से घुसे। जब उन्होंने कैश काउंटर देखा, तो उनके होश उड़ गए। उसमें कुछ नहीं था। पुलिस के अनुसार- दोनों को खाली काउंटर देखकर गुस्सा आया। तब दोनों ने वहां पड़ी बिरयानी खाई और सुबह होने तक वहीं पर आराम किया। स्टाफ के आने से पहले ही वे वहां पर रखा लैपटॉप लेकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार- उनके चेहरे भले ही सीसीटीवी फुटेज में दिखाई नहीं दे रहे थे, किंतु उनकी हरकतें उसमें कैद हो गईं। इसके बाद जब उन्होंने लैपटॉप बेचने की कोशिश की, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उनके संदेहास्पद जवाबों से पुलिस का शक गहरा गया। जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने सारा कुछ पुलिस को बता दिया।
Published on:
31 Aug 2018, 3:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.