
महाराष्ट्र में 5 नवंबर से खुलेंगे सिनेमा हॉल
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( Coroanvirus ) एक बार फिर अपने पैर पसार रहा है। देशभर में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 83 लाख के पार पहुंच चुकी है। वहीं महाराष्ट्र की बात करें तो यहां 16 लाख से ज्यादा लोग कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि कोरोना महामारी के बढ़ते खतरे के बीच भी सरकारें जिदंगी को पटरी पर लाने के लिए लगातार अनलॉक प्रक्रिया के जरिए लगाई गई पाबंदियों में छूट बढ़ा रही हैं।
इसी कड़ी में महाराष्ट्र ( Maharashtra )में भी 5 नवंबर से 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघर खोले जा रहे हैं। हालांकि इस दौरान खाने-पीने की चीजों पर पाबंदी जारी रहेगी। इसके साथ अन्य पाबंदियों में भी छूट दी जा रही है।
महाराष्ट्र सरकार गुरुवार से सिनेमा हॉल खोलने जा रही है। इसके साथ ही स्विसमिंग पूल और योग सेंटर भी 5 नवंबर से फिर शुरू किए जाएंगे। दरअसल कोरोना वायरस महामारी के कारण महाराष्ट्र में इन्हें मार्च से ही बंद कर दिया गया था।
इन क्षेत्रों में जारी रहेगी पाबंदी
महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक 50 फीसदी दर्शकों की क्षमता के साथ सिनेमा हॉल, थिएटर और मल्टीप्लेक्स खोलने की इजाजत दी गई है। लेकिन ये अनुमति सिर्फ कंटेनमेंट जोन के बाहर लागू होगी। जो इलाके कंटेनमेंट जोन हैं वहां फिलहाल पाबंदी जारी रहेगी।
खाने-पीने की वस्तुओं के ले जाने की इजाजत नहीं
महाराष्ट्र की सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक सिनेमा हॉल, थिएटर, और मल्टीनप्लेाक्सइ में खाने-पीने वस्तुओं को अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी।
आपको बता दें कि अनलॉक-5 के जरिए गृहमंत्रालय की ओर से 15 अक्टूबर से ही सिनेमा हॉल खोलने की इजाजत दे दी गई थी। लेकिन कुछ राज्यों ने कोरोना के हालातों को देखते हुए अपने यहां पाबंदियां जारी रखी थीं।
महाराष्ट्र में कोरोना का हाल
देशभर में सबसे ज्यादा कोरोना वायरस का असर महाराष्ट्र में ही देखने को मिला है। यहां अब तक 16 लाख 92 हजार 693 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 44 हजार 248 लोग इस घातक वायरस के चलते अपनी जान गंवा चुके हैं।
हालांकि कुल संक्रमितों में सक्रिय मामलों की संख्या 1 लाख 17 के करीब है, जबकि 15 लाख से ज्यादा लोग इस वायरस को हरा कर स्वस्थ्य हो चुके हैं।
Published on:
5 Nov 2020, 7:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.