Corona संकट के बीच आई अच्छी खबर, देश में Vaccination अभियान ने तोड़े रिकॉर्ड
नई दिल्ली। देशभर के कई राज्यों में लगातार कोरोना वायरस ( Coronavirus in india ) का खतरा बढ़ रहा है। कई इलाकों में नए मामलों में भी तेजी देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां देश में कोरोना के एक दिन में नए मामलों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, वहीं दूसरी तरफ एक बड़ी राहत की खबर भी सामने आई है।
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच वैक्सीनेशन ( Corona Vaccination ) अभियान में भी तेजी आ रही है। भारत में अब तक 8.31 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। बीते 24 घंटे में देश में 43 लाख से ज्यादा टीके की खुराक लगाई गई हैं। जो अब तक एक दिन में सबसे बड़ी संख्या है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकडों के मुताबिक, देश में अब तक वैक्सीन की 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 डोज लगाई गई है। जबकि 5 अप्रैल को एक दिन में 43,00,966 डोज लगाई गईं।
आपको बता दें कि इससे पहले 1 अप्रैल को एक दिन में सबसे ज्यादा 36 लाख 71 हजार 242 खुराक लगाई गईं थीं।
वैक्सीनेशन का तीसरा चरण
देश में कोरोना वैक्सीनेशन का तीसरा चरण सक्रिय है। इसके तहत 1 अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लगना शुरू कर दिया गया है। इसके बाद वैक्सीनेशन अभियान में तेजी देखने को मिल रही है।
इतने लोगों ने लगवाई पहली डोज
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक के वैक्सीनेशन में 7 करोड़ 22 लाख 77 हजार 309 लोगों को पहली डोज लगवा ली है।
जबकि 1 करोड़ 08 लाख 33 हजार 617 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। पिछले 24 घंटों में 39,00,505 लोगों को पहली खुराक और 4,00,461 लोगों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।
ऐसे आगे बढ़ा वैक्सीनेशन अभियान
आपको बता दें कि देशभर में कोरोना को मात देने के लिए वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को शुरू की गई थी।
इसके तहत सबसे पहले हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद 2 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण शुरू किया गया था।
वहीं एक मार्च से 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू किया गया था। इसी चरण में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वैक्सीन का पहला डोज दिल्ली स्थित एम्स जाकर लगवाया था।