
झारखंड सरकार ने राजधानी दिल्ली में किया रोड शो, CM रघुबर दास ने निवेशकों को किया आमंत्रित
नई दिल्ली। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित एक रोड शो में भाग लिया। इस दौरान वे कई देशों के राजदूतों के साथ मुलाकात भी की। दरअसल झारखंड के कृषि क्षेत्र को देश-दुनिया की नई तकनीक से जोड़ने और राज्य में कृषि निवेश को बढ़ाने के उद्देश्य से राजधानी दिल्ली में झारखंड सरकार की ओर से मंगलवार को इंपीरियल होटल में एक समिट किया गया और फिर रोड शो किया गया। इस दौरान सीएम रघुबर दास के नेतृत्व में झारखंड की टीम विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ मुलाकात की। बता दें कि आगामी 29 और 30 नवंबर को झारखंड में होने वाले ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट की तैयारियों को लेकर इस रोड शो को किया गया।
विभिन्न देशों के राजदूतों और निवेशकों ने लिया हिस्सा
आपको बता दें कि इस बाबत झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने न्यू झारखंड के हैशटैग के साथ ट्वीट करते हुए लिखा '29-30 नवंबर को आयोजित होने वाली ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट पर आज दिल्ली में रोड शो में भाग लिया। झारखण्ड सरकार कृषि के क्षेत्र में दुनियाभर के निवेशकों को आमंत्रित करती है। आइए झारखण्ड में निवेश करिए और विकास के भागीदार बनिए।' बता दें कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सीएम सोमवार की रात ही दिल्ली पहुंच गए थे। मंगलवार को रोड शो के दौरान विभिन्न देशों के राजदूतों और प्रतिनिधियों के अलावा निवेशकों से मुलाकात करते हुए उन्हें झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित किया। राजधानी में सुबह 11 बजे से इंपीरियल होटल में बैठक शुरू हुई। इस बैठक में निवेशकों के झारखंड में कृषि क्षेत्र और खाद्य एवं प्रसंस्करण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से संबंधित एक छोटी से फिल्म भी दिखाई गई। इस रोड में शो में सीएम रघुबर दास के अलावा कृषि मंत्री रणधीर सिंह, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, कृषि सचिव पूजा सिंघल, उद्योग सचिव विनय कुमार चौबे आदि लोग शामिल हुए।
सीएम ने बताई सरकार की उपलब्धियां
आपको बता दें कि सीएम रघुबर दास ने समिट में बोलते हुए झारखंड सरकार की इउलब्धियों को बताया। उन्होंने कहा कि 2017 में ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के बाद से अबतक झारखण्ड में 354 इकाइयों का शिलान्यास हो चुका है जिसके जरिए 49 हजार करोड़ से अधिक का पूंजी निवेश हो चुका है। 62 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार प्राप्त हो चुका है। रघुबर दास ने आगे कहा कि झारखण्ड में देश ही नहीं, दुनिया के विकसित राष्ट्रों की बराबरी करने की क्षमता है। कोई भी निवेशक तभी आएगा, जब सरकार की नीति अच्छी हो, त्वरित निर्णय हो, पारदर्शी व्यवस्था हो । झारखण्ड में आपको सब मिलेगा। झारखण्ड संभावनाओं से भरा प्रदेश है। हमारे पास देश की 40 फीसदी खनिज संपदा है। हमारे पास कौशलयुक्त मेहनतकश लोग हैं। राजनीतिक अस्थिरता के कारण झारखण्ड का विकास नहीं हुआ लेकिन अब एक स्थिर सरकार है जहां आपके पास निवेश के अपार मौके हैं।
Published on:
09 Oct 2018 03:27 pm
