
Maharashtra : उद्धव ठाकरे को लगा करारा झटका, इस दिग्गज नेता ने सौंपा अपना इस्तीफा
नई दिल्ली। महाराष्ट्र ( Maharashtra ) में एक बार फिर सियासी घमासान मचता नजर आ रहा है। टिक टॉक स्टार पूजा चव्हाण सुसाइड ( Tick talk star Pooja Chavan Suicide Cse ) मामले में सत्ताधारी दल शिवसेना ( Shivsena ) घिरती नजर आ रही है। इसी का परिणाम है कि सुसाइड केस को लेकर विवादों में घिरे महाराष्ट्र के वन मंत्री और शिवसेना के दिग्गज नेता संजय राठौड़ ( Sanjay Rathore ) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार संजय राठौड़ ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ( CM uddhav thackeray ) से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया। संजय ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इस्तीफा मंजूर करने की गुजारिश की है।
राउत ने छत्रपति शिवाजी की तस्वीर शेयर की
गौरतलब है कि पिछले दिनों मशहूर टिक टॉक स्टार पूजा चव्हाण ने सुसाइड कर लिया था। इस मामले में शिव सेना नेता संजय राठौड़ पर सवाल उठाए जा रहे थे। विपक्ष भी इस केस को लेकर सत्ताधारी दल पर हमलावर होता जा रहा था। यही वजह है कि रविवार को ही शिवसेना नेता संजय राउत ने राठौड़ पर ट्वीट कर उनको राजधर्म याद दिलाया था। राउत ने अपने ट्वीट में छत्रपति शिवाजी की तस्वीर भी शेयर की थी, जिसमें लिखा था कि शिवाजी महाराज के हाथ में जो शाही छड़ी है वह किसका परिचायक है? इस छड़ी का इशारा महाराष्ट्र धर्म है, जिसका मतलब राजधर्म से है।
संजय राठौड़ महाराष्ट्र सरकार में सीनियर मंत्री
संजय राठौड़ के इस्तीफे के तब संकेत मिल गए थे, जब संजय राउत ने पिछले दिनों विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि यह मामला महाराष्ट्र सरकार से जुड़ा है और पार्टी इसको लेकर कार्रवाई भी करेगी। चूंकि संजय राठौड़ महाराष्ट्र सरकार में सीनियर मंत्री हैं, इसलिए पार्टी हाईकमान उन पर कार्रवाई करने से हिचकिचा रही थी। फिलहाल शिवसेना की ओर से इस मामले में जांच कराई जा रही है।
पूजा की मौत के बाद महाराष्ट्र की सियासत में घमासान
आपको बता दें कि 22 वर्षीय टिक टॉक स्टार पूजा चव्हाण ने पुणे में एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पूजा की मौत के बाद महाराष्ट्र की सियासत में घमासान मच गया था। इस केस में पूजा का नाम शिव सेना नेता और महाराष्ट्र के वन मंत्री संजय राठौड़ के साथ जुड़ा था। जिसके चलते विपक्ष संजय राठौड़ से इस्तीफे की मांग कर रहा था।
Updated on:
28 Feb 2021, 6:06 PM IST
Published on:
28 Feb 2021, 5:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.