
दिल्ली में हवा गुणवत्ता 'बेहद खराब', कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बढ़ रही ठंड के साथ ही वायु गुणवत्ता भी खराब होती जा रही है। हवा में घुली स्मॉग के चलते दिल्ली को धुंध की चादर ने ढंक लिया है, जिससे लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, ठंड के साथ लोगों की मुश्किलें भी बढ़ने लगी हैं। शुक्रवार सुबह कड़ाके की ठंड है। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री लुढ़ककर 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा और वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक 390 है। शनिवार तक शीतलहर जारी रहने का अनुमान है।
आज दिनभर आसमान साफ रहेगा
भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आज दिनभर आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता का स्तर 89 प्रतिशत रहा। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम सामान्य से चार डिग्री कम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो इन दिनों दिल्ली और उससे सटे इलाकों में शिमला से अधिक ठंड पड़ रही है, जाने आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।
वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब'
आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमोत्तर भारत में शीतलहर की यह स्थिति बनी रहेगी, इसमें सुधार की फिलहाल गुंजाइश नहीं है। गुणवत्ता एवं मौसम पूवार्नुमान प्रणाली (सफर) के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना है जिसके परिणामस्वरूप हवा में अतिरिक्त नमी होगी, जिससे उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली के कई हिस्सों में रात का तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस और बुधवार की रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो अब तक इस सीजन का सबसे ठंडा मौसम रहा। शहर में दृश्यता का स्तर 300 मीटर दर्ज किया गया।
Updated on:
21 Dec 2018 11:48 am
Published on:
21 Dec 2018 11:38 am
