नई दिल्ली। देश में जश्न-ए-आजादी की तैयारियां चल रही हैं। 15 अगस्त को लेकर देशवासियों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है, इस बीच सियासी दल भी इस दिन के कार्यक्रम, जश्न की तैयारियां कर रहे हैं। लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपना भाषण देंगे, जो उनका अपनी सरकार के कार्यकाल का आखिरी भाषण होगा। कयासें लगाई जा रही हैं कि पीएम मोदी का ये आखिरी भाषण असरदार होने के साथ-साथ कई मायनों में अहम भी होगा। अपने भाषण में मोदी सरकार में शुरू हुई योजनाएं गिनवाते नजर आएंगे। इस भाषण को यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके लिए मंत्रियों को भी लगाया गया है। खबरों के मुताबिक पीएम मोदी का भाषण तैयार करने की जिम्मेदारी मंत्रियों के समूह ( GoM) को दी गई है। जो पीएम मोदी का भाषण तैयार करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंत्री समूह को गृहमंत्री राजनाथ सिंह लीड कर रहे हैं।