
अयोध्या मामले पर तोगड़िया का बड़ा ऐलान, 21 अक्टूबर से लखनऊ से अयोध्या के लिए करेंगे कूच
नई दिल्ली। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मामले पर बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट के मुताबिक, 29 अक्टूबर से अयोध्या मामले की सुनवाई टाइटल सूट के आधार पर शुरू होगी। वहीं, अब अयोध्या मामले पर एक बार फिर राजनीति शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद् के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने ऐलान किया है कि वह दोबार राम मंदिर के लिए आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं।
21 अक्टबूर से शुरू होगा आंदोलन
प्रवीण तोगड़िया ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगामी 21 अक्टूबर से लखनऊ से अयोध्या के लिए कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि यह मार्च पूरी तरह से अहिंसक होगा। साथ ही इस प्रदर्शन में लाखों लोग शामिल होंगे। तोगड़िया के इस ऐलान से एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्री मोदी पर हमला करते हुए तोगड़िया ने कहा कि उन्होंने करोड़ों भारतीय को छला है, वहीं लोग अब हमारे साथ हैं। तोगड़िया ने यह भी दावा किया कि इस आंदोलन में भाजपा के कई सांसद- विधायक के साथ-साथ आरएसएस के कई कार्यकर्ता उनके साथ हैं।
इस दौरान तोगड़िया ने यह भी कहा कि राममंदिर का मुद्दा 1950 से ही अदालतों के चक्कर काट रहा है। अगर अदालत की बात ही माननी थी तो राम मंदिर आंदोलन में सैकड़ों लोगों की बलि क्यों चढ़ाई गई? चुनावी भाषणों में बार-बार यह क्यों कहा गया कि राम मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाना चाहिए और कानून बनाने के लिए सरकार बदलनी चाहिए। आज जब हिंदू जनता ने आपके हाथ में सरकार सौंप दी है तब आप अपने वायदे से मुकर क्यों रहे हैं? क्या यह उस हिंदू जनता के साथ विश्वासघात नहीं है?
आरएसएस पर भी साधा निशाना
तोगड़िया ने यह भी कहा कि राम मंदिर मामले को लेकर उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत से भी मुलाकात की थी। उन्होंने आश्वासन दिया था कि कानून बनाकर अयोध्या में राम मंदर का निर्माण होगा। तोगड़िया ने आरोप लगाया कि समय के साथ सब बदल गए और मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
Published on:
29 Sept 2018 01:28 pm
