
सेमी-हाई स्पीड 'ट्रेन-18': सितंबर में शुरू होगा परीक्षण, गांधी या अटल जयंती पर हो सकता है उद्घाटन
नई दिल्ली। भारतीय रेल देश में निर्मित बहुप्रतीक्षित सेमी हाईस्पीड 'ट्रेन 18' का परीक्षण सितंबर से शुरू करेगी। रेल मंत्रालय सूत्रों के अनुसार, 'ट्रेन 18' के सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि ट्रेन रेल के बेड़े में परीक्षण के बाद शामिल की जाएगी। भारतीय रेल के तकनीकी सलाहकार अनुसंधान डिजाइन व मानक संगठन (आरडीएसओ) इसका परीक्षण करेगा और ट्रेन को मान्यता देगा। माना जा रहा है कि गांधी जयंती या अटल जयंती पर इसका उद्घाटन हो सकता है।
160 किमी प्रतिघंटा होगी रफ्तार
'ट्रेन 18' चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) द्वारा बनाया गया है। यह 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि 'ट्रेन 18' मौजूदा शताब्दी एक्सप्रेस के बेड़े के ट्रेनों की जगह लेगी। उन्होंने कहा कि आईसीएफ इस तरह के छह ट्रेनों का सेट तैयार करेगी, जिसमें से दो में शयनयान कोच होंगे। इससे पहले 'ट्रेन 18' के जुलाई में शुरू होने वाली थी।
...ट्रेन-18 में होंगी ये सुविधाएं
नई ट्रेन में यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए कुछ विशेषताएं हैं, जिसमें इंटर-कनेक्टेड पूरी तरह से बंद गैंगवे, स्वचालित दरवाजें, वाई-फाई और इंफोटेन्मेंट, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, जैव-वैक्यूम प्रणाली, मॉड्यूलर शौचालय और घूमने वाली सीटें शामिल हैं।
इन हाईस्पीड ट्रेनों पर भी हो चुका है काम
भारत में बुलेट प्रोजेक्ट भी चल रहा है जिसके 2022 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने सबसे पहले 2014 के रेल बजट में देश के नौ रूटों पर सेमी हाईस्पीड ट्रेनें चलाने का ऐलान किया था। इनमें दिल्ली-आगरा, दिल्ली-चंडीगढ़, दिल्ली-कानपुर, नागपुर-बिलासपुर, मैसूर-बेंगलुरु-चेन्नई, मुंबई-गोवा, मुंबई-अहमदाबाद, चेन्नई-हैदराबाद और नागपुर-सिकंदराबाद रूट शामिल थे।
Published on:
23 Aug 2018, 10:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.