
Tripura Governor
अगरतला। देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एक तरफ राजधानी दिल्ली में एम्स अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय ने तो अटल जी के निधन का ट्वीट कर दिया। जी हां, वाजपेयी जी की गंभीर हालत के बीच में राज्यपाल तथागत रॉय ने अटल जी के निधन पर दुख प्रकट करने वाला ट्वीट कर दिया। हालांकि बाद में उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने अपने ट्वीट को डिलीट किया।
त्रिपुरा के राज्यपाल ने दे दी अटल जी को श्रद्धांजलि
आपको बता दें कि अटल जी की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। पीएम मोदी समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेता 24 घंटे के अंदर लगातार एम्स पहुंच रहे हैं। वाजपेयी जी की सेहत को लेकर जारी ताजा हेल्थ अपडेट में बताया गया है कि उनकी हालत पहले की तरह ही गंभीर बनी हुई है। इस बीच त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय के ट्वीट को लेकर बवाल खड़ा हो गया है।
गलती पता चलने के बाद मांगी माफी
तथागत रॉय ने अटलजी को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, 'भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, बेहतरीन वक्ता और छह दशकों तक भारतीय राजनीति के चमकते सितारे रहे, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के निजी सचिव के रूप में अपनी शुरुआत करने वाले, बेहद बुद्धिमान, विनम्र अटल बिहार वाजपेयी का निधन हो गया। ओम शांति।' रॉय के इस ट्वीट के बाद लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
ट्वीट कर दिया माफीनामा
जब इस ट्वीट को लेकर तथागत रॉय की खिंचाई होने लगी तो उन्होंने अपने ट्वीट को डिलीट करने के बाद माफी मांगी। बाद में एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'मुझे माफ करें। मैंने टीवी रिपोर्ट के आधार पर ट्वीट कर दिया था। मैंने उसे असली मान लिया। अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मैंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है। एक बार फिर माफ करें।'
24 घंटे से हालत में लगातार आ रही है सेहत में गिरावट
आपको बता दें कि अटली बिहारी वाजपेयी पिछले दो महीने से एम्स में भर्ती हैं, लेकिन पिछले 24 घंटे से उनकी हालत में लगातार गिरावट आ रही है। अटल जी को देखने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 घंटे के अंदर दो बार अस्पताल जा चुके हैं। उन्हें अभी भी लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर रखा गया है।
Published on:
16 Aug 2018 03:18 pm
