
बदल रहा मौसम का मिजाज
नई दिल्ली। देशभर के अधिकांश इलाकों में सर्द हवाओं का दौर अब भी जारी है। हालांकि राजधानी दिल्ली में बुधवार का दिन फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा। दिल्ली में मौसम का मिजाज ( weather update ) लगातार करवट ले रहा है। कभी ठिठुरन तो कभी बारिश और कभी कोहरा तो कभी गर्मी राजधानीवासियों की परेशानियां बढ़ा रही हैं।
वहीं पहाड़ी राज्यों पर बर्फबारी का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 26 फरवरी तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होगी,जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों पर दिखाई दे सकता है। यानी एक बार ठंड फिर लौट सकती है।
राजधानी में बढ़ी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में बीते 15 साल में फरवरी महीने में बुधवार सबसे गर्म दिन रहा। मौसम गर्म रहने के साथ ही उमस भरा रहा और हवा में आर्द्रता का स्तर 100 फीसदी तक दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।
फरवरी में पिछली बार सबसे अधिक तापमान 2006 में दर्ज किया गया जब पारा 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा था. साल 2009 से 2020 के बीच फरवरी के महीने में सबसे अधिक पारा 2017 में 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इन इलाकों में बारिश बढ़ा सकती है मुश्किल
देशभर में सर्द हवाओं के बीच एक बारिश का दौर भी बदस्तूर जारी है। कई इलाकों में रोजाना बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड स्थित चमोली में गुरुवार को आंशिक रूप से आसमान में बादल छाए रहेंगे कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही तपोवन और जोशीमठ के क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शुष्क मौसम रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों में बरसेंगे बदरा
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर के असम, अरुणचाल प्रदेश और मेघालय में भी तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है।
घाटी और लद्दाख में आंधी का अलर्ट
वहीं पहाड़ी राज्यों में जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में बारिश और आंधी के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
Published on:
25 Feb 2021 07:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
