नई दिल्ली। मैनचेस्टर एयरपोर्ट अथॉरिटी की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मैनचेस्टर एयरपोर्ट से एक महिला अमीरात एयरलाइन्स से अपने पति के पासपोर्ट पर दिल्ली तक आ गई। महिला का नाम गीता मोढा है जो बिजनेस ट्रिप पर दिल्ली आई थी और वह ग्रेटर मैनचेस्टर में अलंकार हाउस नाम से ब्राइडल शॉप चलाती हैं। गीता के एक परिवार वाले ने बताया कि, वह गलती से 23 अप्रैल को अपने पति दिलीप का पासपोर्ट ले गई थी। लेकिन हैरानी की बात ये है कि मैनचेस्टर एयरपोर्ट पर चेक-इन या विमान में घुसते हुए भी एयरलाइन इस गलती को नहीं पकड़ पाई। गीता को इस बात को पता तब चला, जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन फॉर्म भर रही थी। जिसके बाद उन्हें वापस दुबई भेज दिया गया और अपना पासपोर्ट लाने के लिए कहा गया।