
वाशिंगटन। अमरीकी यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस (Kamala Haris) के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान उन्हें कुछ खास तोहफे भेट किए। कमला हैरिस के अलावा पीएम मोदी ने जापान और ऑस्ट्रेलिया के पीएम को भी उपहार दिए। इन सभी उपहारों का काशी से खास जुड़ाव है।
हस्तशिल्प के फ्रेम की कॉपी भेंट की
पीएम मोदी ने अमरीका के उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को उनके दादा पीवी गोपालन से जुड़ी पुरानी अधिसूचनाओं के हस्तशिल्प के फ्रेम की कॉपी भेंट की। गौरतलब है कि सरकारी अधिकारी के तौर पर पीवी गोपालन को ये फ्रेम सेवाकाल के दौरान सराहनीय कार्य के तौर पर दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी ने कमला हैरिस को एक गुलाबी मीनाकारी शतरंज का सेट भी दिया। ये शतरंज दुनिया के सबसे पुराने शहरों में से एक काशी में बना हुआ है। यह हस्तशिल्प कला का एक अनोखा नमूना है। गौरतलब है कि पीएम मोदी काशी से निर्वाचित सांसद भी हैं।
कमला हैरिस ने व्हाइट हाउस में लंबी बातचीत करी
इस शतरंज के सेट पर काशी की हस्तशिल्प की कलाकारी की गई है। इसके चमकीले रंग काशी की जीवंतता को सामने लाते हैं। गुरुवार को पीएम मोदी और कमला हैरिस ने व्हाइट हाउस में लंबी बातचीत करी। भारत-अमरीका के संबंधों को मजबूत करने,कोविड -19 और अन्य वैश्विक मुद्दों से निपटने को लेकर एक संयुक्त बयान जारी किया।
पीएम मोदी ने मुलाकात के दौरान कमला हैरिस को दुनिया भर के कई लोगों के लिए "प्रेरणा का स्रोत" बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनके नेतृत्व में भारत और अमरीका के रिश्ते नए आयाम को छूएंगे।
Published on:
24 Sept 2021 09:07 pm
