
कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया झेल रही है। ऐसे में सभी को इसकी वैक्सीन का इंतजार है। भारत सहित कई देश कोरोना वायरस की वैक्सीन (Covid 19 Vaccine) को लेकर अंतिम ट्रायल कर रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है जल्द ही कोरोना की वैक्सीन आ जाएगी। बता दें कि भारत की तीन बड़ी कंपनियों ने अपनी कोरोना वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की मंजूरी के लिए आवेदन किया है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अभी तक कोरोना वैक्सीन की तारीख के बारे में कोई ऐलान नहीं किया गया है।
सरकार ने बनाया एप
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने कोरोना की वैक्सीन के रजिस्ट्रेशन के लिए एक एप बनाया है। इस एप के जरिए कोरोना टीकाकारण की पूरी प्रक्रिया पर नजर रहेगी। इस एप का नाम Co-WIN है। हालांकि अभी तक इस एप को गूगल प्ले-स्टोर या एपल के स्टोर पर लिस्ट नहीं किया गया है।
रहेगा पूरा लेखा-जोखा
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से इस एप के बारे में दी गई जानकारी के अनुसार, Co-WIN एप को सभी फ्री में डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही इसमें टीकाकरण की प्रक्रिया से लेकर प्रशासनिक क्रिया-कलापों, टीकाकरण कर्मियों और और वैक्सीन पाने वाले तक का पूरा लेखा—जोखा रहेगा। इस एप में सेल्फ रजिस्ट्रेशन का विकल्प भी रहेगा। गांवों में पंचायत का मुखिया अपनी पंचायत के लोगों के टीकाकरण के लिए इस एप से अप्लाई कर सकेगा।
ऐसे होगा टीकाकरण
कोरोना की वैक्सीन लोगों को तीन चरणों में उपलब्ध कराई जाएगी। पहले चरण में हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को टीका लगाया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को, तीसरे चरण में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। हालांकि कोरोना का टीका लगवाने के लिए इन सभी लोगों को Co-WIN एप पर रजिस्ट्रेशन होगा।
भेजा जाएगा नोटिफिकेशन
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई कि Co-WIN एप में पांच मॉड्यूल होंगे। पहला मॉड्यूल हैं, जिनमें प्रशासनिक मॉड्यूल है। प्रशासनिक मॉड्यूल में वैक्सीन के लिए सेशन का निर्धारण होगा और टीका लगवाने वाले लोगों और प्रबंधकों को नोटिफिकेशन भेजा जाएगा। इसी तरह दूसरा मॉड्यूल रजिस्ट्रेशन, तीसरा वैक्सीनेशन मॉड्यूल, चौथा लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल और पांचवां रिपोर्ट मॉड्यूल होगा।
करा सकते हैं सेल्फ रजिस्ट्रेशन भी
इसमें सेल्फ रजिट्रेशन का भी विकल्प दिया जाएगा। इसमें कोरोना वैक्सीन लेने वाला व्यक्ति खुद वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकेगा। लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल में क्यूआर कोड आधारित एक टीकाकरण सर्टिफिकेट मिलेगा।
Published on:
09 Dec 2020 01:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
