
ADG रमित शर्मा ने ट्रेनी सिपाहियों से की मुलाकात | Image Source - Social Media
ADG Ramit Sharma met trainee soldiers: बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा देर शाम मुरादाबाद और अमरोहा पुलिस लाइंस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेनिंग सेंटर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और प्रशिक्षु आरक्षियों से संवाद कर उन्हें पुलिस परिवार का हिस्सा बनने पर बधाई दी।
ADG रमित शर्मा ने मुरादाबाद स्थित पुलिस लाइंस में ट्रेनिंग ले रहे सिपाहियों से मुलाकात की और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी मुनिराज जी और एसएसपी सतपाल अंतिल भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने मूलभूत सुविधाओं और ट्रेनिंग कार्य योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
प्रशिक्षुओं से संवाद करते हुए एडीजी ने कहा, "अब आप सभी पुलिस परिवार का हिस्सा बन चुके हैं। पूरी लगन और निष्ठा से ट्रेनिंग लें, क्योंकि यही आगे चलकर आपकी पूरी नौकरी में काम आएगी।" उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को सेवा, कर्तव्य और अनुशासन की भावना के साथ समाज की सुरक्षा व सेवा में अहम भूमिका निभानी चाहिए।
एडीजी ने प्रशिक्षण केंद्र में सिपाहियों के साथ भोजन भी किया और उनके अनुभव साझा किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिपाहियों को ट्रेनिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य ट्रेनिंग व्यवस्था की गुणवत्ता का मूल्यांकन और प्रशिक्षु सिपाहियों का मनोबल बढ़ाना रहा। एडीजी रमित शर्मा ने विश्वास जताया कि ये युवा सिपाही आने वाले समय में समाज की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Updated on:
23 Jun 2025 08:34 am
Published on:
23 Jun 2025 08:34 am
