25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘इंस्टाग्राम से मुलाकात के बाद मौत तक’, पीतल कारोबारी की बेटी की क्या है इनसाइड स्टोरी? निकाह के बाद की थी थार गिफ्ट

Adila Rahman Murder Case Row: मुरादाबाद की पीतल कारोबारी की बेटी आदिला रहमान की इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती कथित निकाह और फिर सनसनीखेज हत्या तक कैसे पहुंची? जानिए गुलफाम, थार गिफ्ट, नोएडा लिव-इन और पुलिस जांच से जुड़े हर बड़े खुलासे।
3 min read
Google source verification
adila rahman murder case update instagram love nikah thar murder story moradabad

पीतल कारोबारी की मौत की इनसाइड स्टोरी। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Adila Rahman Murder Case Update Moradabad : सोशल मीडिया पर हुई एक मुलाकात, फिर प्यार, कथित निकाह, साथ रहने का फैसला और आखिर में एक सनसनीखेज हत्या। मुरादाबाद की पीतल कारोबारी की बेटी आदिला रहमान हत्याकांड हर दिन नए खुलासों के साथ और पेचीदा होता जा रहा है। पुलिस अब मुख्य आरोपी गुलफाम को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में है। जांच एजेंसियों का मानना है कि रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार, थार कार, शव को ठिकाने लगाने की पूरी साजिश और संभावित सहयोगियों की भूमिका से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।

सबसे पहले जानिए कैसे लापता हुई आदिला रहमान?

कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी पीतल कारोबारी अदिव उर रहमान की बेटी आदिला रहमान 25 जून को प्रयागराज में लॉ की परीक्षा देने गई थी। 29 जून को वह फ्लाइट से दिल्ली पहुंची, लेकिन इसके बाद उसका परिवार से संपर्क टूट गया। काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 17 जुलाई को कटघर थाने में गुमशुदगी और अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया।

कमरे से मिले निकाह के दस्तावेज, जांच ने लिया नया मोड़

परिवार ने आदिला के कमरे की तलाशी ली तो वहां कथित निकाह से जुड़े दस्तावेज, शादी का जोड़ा और एक रसीद मिली। रसीद में दूल्हे के रूप में कटघर के देवापुर निवासी गुलफाम का नाम दर्ज था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने बेटी की तलाश बंद करने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच का फोकस गुलफाम की ओर कर दिया।

इंस्टाग्राम पर हुई थी पहली मुलाकात

पुलिस जांच में सामने आया कि आदिला और गुलफाम की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। शुरुआत सामान्य बातचीत से हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। लगातार बातचीत, फोन कॉल और मुलाकातों के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया। जांच के अनुसार, बाद में दोनों अजमेर गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर निकाह किया।

नोएडा में साथ रहने लगे थे दोनों

सूत्रों के मुताबिक, पढ़ाई और कारोबारी काम के कारण आदिला का नोएडा आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान दोनों ने नोएडा में किराये का फ्लैट लेकर साथ रहना शुरू कर दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आदिला आर्थिक रूप से गुलफाम की मदद करती थी और उसके अधिकांश खर्च भी वही उठाती थी।

निकाह के बाद गिफ्ट की थी थार SUV

पुलिस जांच के मुताबिक, कथित निकाह के बाद आदिला ने गुलफाम को एक थार SUV भी उपहार में दी थी। जांच एजेंसियों का कहना है कि यही वाहन अब इस पूरे हत्याकांड की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है, क्योंकि आरोप है कि हत्या के बाद शव को इसी कार में ले जाया गया था।

पुलिस का दावा, गोली मारकर नहर में फेंका शव

पुलिस के अनुसार, 29 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से निकलने के बाद आदिला की मुलाकात गुलफाम से हुई। दोनों थार में सवार होकर कई घंटों तक साथ रहे। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि देर रात दिल्ली-लखनऊ हाईवे बाईपास स्थित पुराने टोल प्लाजा के पास गुलफाम ने आदिला को गोली मार दी। इसके बाद शव को कार में रखकर रुड़की के पास एक नहर में फेंक दिया गया।

रामपुर जेल में बंद है आरोपी गुलफाम

पुलिस के मुताबिक, गुलफाम पहले से ही एक अन्य आपराधिक मामले में रामपुर जेल में बंद था। वहीं उससे पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर आदिला की हत्या करने की बात स्वीकार की। अब पुलिस अदालत से कस्टडी रिमांड लेकर उससे विस्तृत पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

रिमांड में खुल सकते हैं कई अहम राज

जांच एजेंसियों का मानना है कि पुलिस रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल तमंचा, थार कार और अन्य भौतिक साक्ष्यों की बरामदगी हो सकती है। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि शव को ठिकाने लगाने में गुलफाम अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़कर इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी है।

बड़ी खबरें

View All

मुरादाबाद

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग