
सपा सांसद जावेद अली खान | फोटो सोर्स- patrika.com
Uttar Pradesh Politics:समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने मुरादाबाद दौरे के दौरान बीजेपी पर तीखा हमला बोला। जावेद अली खान ने कहा कि देश में ऐसा माहौल बनाया गया है, जहां धर्म के आधार पर लोगों के बीच दूरी बढ़ी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी द्वारा फैलाए गए जहर को बहुसंख्यक समाज निगलने लगा है और काफी हद तक जहरीला हो गया है।
संभल और मुरादाबाद के सियासी माहौल पर बात करते हुए जावेद अली खान ने कहा कि संभल जैसी जगहों पर समाजवादी पार्टी को अपनी बात समझाने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती। वहां मुलायम सिंह यादव के जमाने से ही पार्टी का आधार बहुत मजबूत रहा है। उन्होंने आगे की रणनीति बताते हुए कहा कि अब सपा उन इलाकों पर ज्यादा ध्यान देगी जहां अल्पसंख्यक या मुस्लिम आबादी कम है और हिंदू आबादी ज्यादा है। सांसद का मानना है कि उन क्षेत्रों में जाकर लोगों को बीजेपी के प्रभाव से बाहर निकालना और अपनी पार्टी से जोड़ना कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है।
अपने बयान पर सफाई देते हुए सपा सांसद ने यह भी कहा कि मैं किसी पर सीधा आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन उत्तर प्रदेश और देश के मौजूदा हालात को देखकर यह साफ है कि लोगों के बीच का आपसी तालमेल अब वैसा नहीं रहा जैसा पहले हुआ करता था। उन्होंने कहा कि पहले लोगों के बीच जो आपस में प्यार, भरोसा और विश्वास था, वह अब इस माहौल की वजह से कमजोर हो गया है।
रविवार (14 जून) की देर शाम मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के एक बड़े 'पीडीए सम्मेलन' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी ने अपनी पूरी ताकत दिखाई, जहां मंच पर सपा के कई बड़े चेहरे एक साथ नजर आए। सम्मेलन में राज्यसभा सांसद जावेद अली खान, पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन, पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक कमाल अख्तर के साथ-साथ विधायक नासिर कुरैशी सहित सपा के कई अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहे।
Updated on:
15 Jun 2026 01:40 pm
Published on:
15 Jun 2026 09:48 am
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
