
मुरादाबाद। अगर आप भी घर के बाहर खाने के शौकीन हैं तो यह खबर आपके लिए है। मुरादाबाद में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे पढ़कर आप चौंक जाएंगे। यहां एक शख्स ने ठेले से वेज बिरयानी ली और खाना शुरू कर दिया। इस दौरान उसे खाने में मरा हुआ कनखजूरा दिखा, जिसके बाद उसने बिरयानी फेंक दी। शख्स द्वारा शिकायत करने के बाद ठेले वाला वहां से फरार हो गया।
वेज बिरयानी का दिया था ऑर्डर
मामला कंपनी बाग का है। यहां कई ठेले लगते हैं, जिन पर खाने का सामान मिलता है। मंगलवार शाम को यहां खाना खाने के लिए मोहम्मद शमीम और नदीम पहुंचे। उन्होंने वहां पर एक ठेले वाले को वेज बिरयानी का ऑर्डर दिया। बिरयानी बनने पर उन्होंने उसे खाना शुरू कर दिया। शुरू में तो कुछ पता नहीं चला। आरोप है कि कुछ देर बाद में उनमें से एक युवक शमीम की चम्मच में कनखजूरा आ गया। वह मरा हुअा था। जब उन्होंने इस बारे में ठेले वाले को कहा तो वह लड़ने को तैयार हो गया और उन्हें भला-बुरा कहने लगा।
सूचना मिलने के बाद पहुंचे पुलिसकर्मी
इस पर युवक ने कंट्रोल रूम को इस बारे में जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। पुलिस को वहां आता देख ठेले वाला भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल नंबर पता कर उस पर फोन किया लेकिन वह बंद मिला। इस बारे में सीनियर इंस्पेक्टर संजय धीर का कहना है कि पीड़ित ने लिखित में शिकायत नहीं दी है लेकिन ठेला संचालक की तलाश की जा रही है। वहीं, यह मामला सामने आने के बाद पूरे शहर के लोगों में यह चर्चा का विषय बना रहा।
Published on:
31 Jan 2018, 2:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.