
रामपुर। गुरुवार को लोकसभा में तीन तलाक को लेकर बिल पेश किया गया ताकि मुस्लिम महिलाओं पर आए दिन हो रहे अत्याचार पर रोक लग सके। इसके बावजूद देश में तीन तलाक देने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सबसे पहुले गुरुवार सुबह ही रामपुर में एक तीन तलाक का मामला सामने आया। इसके बाद शुक्रवार को मुरादाबादा में तीन तलाक की घटना सामने आई। अब फिर रामपुर में एक तीन तलाक का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके वालों के गरीबी के कारण उसके शौहर ने तलाक दे दिया।
दिल्ली से आकर दिया तलाक
मामला रामपुर के खेड़ा टांडा गांव का है। जानकारी के मुताबिक अजीम नगर की रहने वाली आयशा की शादी दो साल पहले खेड़ा टांडा के रहने वाले काशिफ से हुई थी। उसका पति देश की राजधानी दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार को पालन-पोषण कर रहा था। करीब दो माह बाद अचानक शुक्रवार की रात वो अपने घर लौटा। पति के आने की सूचना पाते ही आयशा खुशी से झूम उठी। लेकिन, जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोला, उसका शौहर तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोलते हुए तुरंत वापस दिल्ली चला गया। इधर, तलाक की बात सुनते ही आयशा बेहोश होकर गिर पड़ी। जब उसे होश आया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गए।
थाने में दर्ज कराई शिकायत
इधर, तलाक मिलने के बाद आयशा पूरी तरह आहत हो गई और मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंच गई। एसपी विपिन ताड़ा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। बतादें कि गुरुवार को ही रामपुर में सुबह देर से उठने पर एक शौहर ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया था।
Updated on:
30 Dec 2017, 5:03 PM IST
Published on:
30 Dec 2017, 4:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.