
मॉनसून के दौरान एडवेंचर के चक्कर में कई लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं और कई दुर्भाग्यशाली लोगों की मौत भी हो चुकी है। महाराष्ट्र के लोनावाला में भुशी डैम के करीब झरने में डूबने से अंसारी परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। पीड़ितों के शवों की तलाश 24 घंटे बाद भी जारी रही।
हडपसर के सैयदनगर के एक ही परिवार के सात लोग भुशी बांध क्षेत्र में रविवार दोपहर में झरने में बह गये। उनमें से दो लोग बच निकलने में कामयाब रहे। लेकिन चार छोटे बच्चों और एक महिला बह गई। बचाव दल को उनमें से चार के शव मिल गए हैं और एक लापता हैं।
इस घटना में नूर शाहिस्ता अंसारी (उम्र 35), अमीना आदिल अंसारी (उम्र 13), मारिया अंसारी (उम्र 7), हुमेदा अंसारी (उम्र 6) और अदनान अंसारी (उम्र 4) की मौत हुई हैं। बताया जा रहा है कि 25 जून को शादी के मौके पर अंसारी परिवार और रिश्तेदार इकट्ठा हुए थे।
इस बीच, पुणे के तम्हिनी घाट पर आउटिंग के लिए गए स्वप्निल धावडे झरने के तेज बहाव में बह गए। पुणे के पिंपरी-चिंचवड से अपने जिम के 32 लोगों के ग्रुप के साथ धावडे शनिवार को तम्हिनी घाट घूमने गए थे। रविवार को उनका शव बरामद हुआ है। इस घटना का वीडियो सामने आया है।
भोसरी निवासी स्वप्निल तम्हिनी घाट के एक झरने में कूदने के बाद पानी की तेज धारा में लापता हो गए। वायरल वीडियो में स्वप्निल ऊंचाई से झरने में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। जबकि उनके साथ आये कुछ अन्य लोग भी वहीँ मौजूद होते है। खोजी दल को स्वप्निल का शव आज रायगढ़ जिले के मानगाव में मिला। बताया जा रहा है कि स्वप्निल धावडे बॉक्सिंग के नेशनल खिलाड़ी थे।
पुणे में दिल दहला देने वाली घटना के बाद अब कोल्हापुर में भी दूधगंगा नदी में दो युवकों के डूबने की घटना सामने आई है। गणेश चंद्रकांत कदम (उम्र 18 वर्ष) और प्रतीक पाटिल (उम्र 22 वर्ष) अपने कुछ परिचितों के साथ बारिश का आनंद लेने के लिए दूधगंगा नदी परिसर में घूमने आए थे।
बेलगाम जिले के निपानी से 13 लोग घूमने के लिए राधानगरी गए थे। आज दोपहर करीब बारह बजे कालम्मावाडी बांध क्षेत्र में दूधगंगा नदी में यह हादसा हुआ। गणेश पहले तैरने ले लिए पानी में उतरा लेकिन डूबने लगा। उसे डूबता देख कार चालक उसका दोस्त प्रतीक पाटिल उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया, लेकिन वह भी पानी के बहाव में बह गया।
Updated on:
1 Jul 2024, 9:40 PM IST
Published on:
1 Jul 2024, 9:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.