13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Mumbai Water Crisis: बैंकों के बाद अब पानी की सप्लाई में भी OTP, मुंबई ने चोरी रोकने के लिए अपनाया नया सिस्टम

BMC OTP Based Water Tanker Booking Mumbai: मुंबई में पानी की चोरी और अवैध सप्लाई रोकने के लिए BMC अब बैंकों की तरह OTP आधारित ऑनलाइन टैंकर बुकिंग सिस्टम लागू कर रही है। यह तकनीक बेंगलुरु मॉडल से प्रेरित है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Imran Ansari

Jun 09, 2026

Mumbai Water Crisis

AI से बना प्रतीकात्मक फोटो

Mumbai Water Crisis: अभी तक आपने वन टाइम पासवर्ड यानी कि OTP का इस्तेमाल किसी एप को लॉगिन करने, पैसे ट्रांसफर करने जैसे कई कामों करने के लिए किया होगा, लेकिन अब इसी ओटीपी के जरिए मुंबई में पानी मिलेगा। ये बात थोड़ा अटपटा लगेगा, लेकिन पानी की चोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए इसी 'OTP' फॉर्मूले को लागू किया जा रहा है।

आपको बता दें कि मुंबई में भीषण जल संकट और वॉटर टैंकर एसोसिएशन की हड़ताल का दौर चल रहा है। इसी बीच बृहन्मुंबई नगर निगम पीने के पानी के टैंकरों के लिए OTP-आधारित ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम लागू करने की योजना बना रहा है। BMC का कहना है कि इस नई पहल से पानी की अवैध सप्लाई पर लगाम लगाना, पानी की चोरी रोकना और फर्जी टैंकर ट्रिप पर पूरी तरह रोक लगाना है। बेंगलुरु की तर्ज पर मुंबई अब इस नए डिजिटल सिस्टम को अपनाने जा रही है।

कैसे काम करेगा यह नया 'OTP' सिस्टम?

वर्तमान की बात करें तो बीएमसी पूरे मुंबई में 33 पेयजल फिलिंग स्टेशन संचालित करती है। यहीं से नगर निगम के अपने टैंकरों और 200 से अधिक लाइसेंस प्राप्त निजी वॉटर टैंकरों में पानी भरा जाता है। मौजूदा व्यवस्था में कई खामियां थीं, जिन्हें दूर करने के लिए अब नया नियम लाया जा रहा है। इस नए नियम के अनुसार, पानी का टैंकर मंगाने के लिए हाउसिंग सोसायटियों और आम उपभोक्ताओं को बीएमसी के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी होते ही उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP (वन-टाइम पासवर्ड) भेजा जाएगा।

OTP वेरिफिकेशन के बाद वाना होगा टैंकर

जब टैंकर पानी भरने के लिए निर्धारित फिलिंग स्टेशन पर पहुंचेगा, तो वहां बुकिंग करने वाले उपभोक्ता का वह OTP दर्ज करना पड़ेगा। बिना OTP वेरिफिकेशन के फिलिंग स्टेशन से टैंकर को पानी लेकर रवाना होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि इससे अनधिकृत और अवैध रूप से पानी बेचने के खेल पर पूरी तरह रोक लग जाएगी।

मुंबई में क्यों पैदा हुए ऐसे हालात?

गौरतलब है कि इस वक्त मुंबई इस पानी की समस्या को लेकर कई परेशानियों स जूझ रही है। शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली सात प्रमुख झीलों में पानी का स्तर घटकर कुल क्षमता का केवल 13% रह गया है। जलाशय खाली होने और ऊपर से वॉटर टैंकर एसोसिएशन की हड़ताल के कारण स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई है। इसी संकट से निपटने के लिए बीएमसी ने बेंगलुरु के कामयाब 'प्लेबुक' से यह तरीका सीखा है।