
Pune Murder Mystery : महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां भाई और भाभी ने मिलकर एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शव को टुकड़ों में काटकर नदी में फेंक दिया। हाल ही में खराड़ी (Kharadi) इलाके में नदी के किनारे मृतका का बिना सिर और हाथ-पैर का धड़ मिला था। जिसके बाद कड़ी मेहनत के बाद पुणे पुलिस ने इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझा लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी महिला का भाई है, जबकि उसकी पत्नी (मृतक महिला की भाभी) ने वारदात को अंजाम देने में मदद की। पुणे शहर की पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान अशपाक अब्दुल खान (51) और उसकी पत्नी हमीदा अशपाक खान (45) के तौर पर हुई है. दोनों आरोपी शिवाजीनगर के नरवीर तानाजी वाडी के रहने वाले हैं। वहीँ, मृतका का नाम सकीना अब्दुल खान (Sakina Abdul Khan) है। 48 वर्षीय सकीना घरेलू सहायिका का काम करती थी।
पुलिस ने 26 अगस्त को सकीना का धड़ खराड़ी में वाटरफ्रंट सोसायटी के पास से बरामद किया था। जांच के दौरान पुलिस ने 1 अगस्त से पुणे शहर, पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे ग्रामीण पुलिस द्वारा रिपोर्ट की गई लगभग 200 गुमशुदगी शिकायतों की छानबीन की।
शव की गुत्थी सुलझाने के लिए पुणे पुलिस के कुल 100 पुलिसकर्मियों की पांच टीमें बनाई गई। पुलिस ने शव के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए ड्रोन, वॉटर बोट और सीसीटीवी कैमरे की मदद ली। यहां तक की पुलिस टीम ने सिंचाई विभाग, खडकवासला बांध (Khadakwasla Dam) के अधिकारियों को भी जांच में शामिल किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस बीच, पुलिस कमिश्नर ने मृतक के बारे में जानकारी देने वाले को नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की।
इस बीच, पुलिस को सकीना के बारे में टिप मिली। सकीना 23 अगस्त से लापता थी। जब टिप के आधार पर पुलिस आरोपी के पास पहुंची तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। जांच के दौरान बरामद धड़ की पहचान आरोपी की बहन सकीना के रूप में हुई।
संयुक्त पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि अशपाक और सकीना भाई-बहन थे, दोनों अपने पैतृक घर में रहते थे। इसी घर को लेकर उनके बीच विवाद था। शुरुआती जांच में पता चला कि घर सकीना का था और अशपाक उस घर को उसके नाम पर करने के लिए दबाव बना रहा था। लेकिन सकीना ऐसा करने के लिए तैयार नहीं थी।
अब तक जांच में पता चला कि भाई-बहन के बीच घर को लेकर विवाद था। इसी को लेकर 23 अगस्त की रात में अशपाक ने अपनी बहन सकीना पर हमला किया और रस्सी से उसका गला घोंट दिया। हमीदा ने सकीना की हत्या में अपने पति अशपाक की मदद की। दोनों ने बाद में सकीना के शव को शौचालय के पास धारदार हथियार से काटा और नदी में फेंक दिया। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
पुलिस टीमें शव के बाकी हिस्सों की तलाश कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि अशपाक गैराज मैकेनिक है और रात में चौकीदारी भी करता था। उसके बच्चे पढ़ाई के लिए शहर से बाहर हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। स्थानीय अदालत ने आरोपियों को 9 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
Published on:
02 Sept 2024 10:04 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
