
बेटे अभिजीत की बढ़ती लोकप्रियता से माता-पिता डरे
देशभर में इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party) की जबरदस्त चर्चा हो रही है। इस डिजिटल मुहिम ने इंटरनेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है। महज 7 दिनों के भीतर इस पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फॉलोअर्स का आंकड़ा 18.7 मिलियन (1.87 करोड़) के पार पहुंच गया है, जो देश के कई बड़े राजनीतिक दलों से भी ज्यादा है। युवा वर्ग के बीच यह मुहिम तेजी से वायरल हो रही है और अब इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
इस अभियान के संस्थापक अभिजीत दीपके से जब मीडिया ने सवाल किया कि क्या यह मुहिम आगे चलकर राजनीतिक पार्टी का रूप ले सकती है, तो उन्होंने कहा कि ऐसा जरूर हो सकता है, लेकिन अभी इस पर खुलकर कुछ कहना मुश्किल है। उनके इस बयान के बाद आने वाले दिनों में उनकी भूमिका को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
हालांकि, अभिजीत दीपके की बढ़ती लोकप्रियता ने उनके परिवार की चिंता भी बढ़ा दी है। उनके पिता भगवान दीपके ने साफ कहा कि वे नहीं चाहते कि उनका बेटा राजनीति में जाए। उन्होंने कहा कि अभिजीत को अब इस मुहिम को रोक देना चाहिए। हमें उसकी लोकप्रियता से डर लगने लगा है। उन्हें 17 मई को पहली बार पता चला था कि उनके बेटे ने सोशल मीडिया पर इतनी बड़ी मुहिम खड़ी कर दी है।
भगवान दीपके ने बताया कि अभिजीत की मां अनीता दीपके पिछले दो दिनों से ठीक से सो भी नहीं पाई हैं। परिवार को डर है कि कहीं अभिजीत किसी विवाद में न फंस जाए। अनीता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आजकल माहौल ऐसा है कि किसी को भी पुलिस पकड़ ले जा रही है, जेल में डाला दिया जाता है। हमें डर लगता है कि हमारे बेटे के साथ ऐसा कुछ न हो जाए।
उन्होंने आगे कहा कि अभिजीत ने एक मीडिया इंटरव्यू में यह भी कहा था कि अमेरिका से भारत लौटूंगा तो जेल में डाल देंगे। इसी बात ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है। भगवान दीपके ने कहा कि नेताओं की गिरफ्तारी की खबरें पढ़कर डर लगता है। उनका परिवार कभी राजनीति से जुड़ा नहीं रहा और न ही उनकी उसमें कोई रुचि रही है।
भगवान दीपके ने बताया कि उनकी इच्छा थी कि अभिजीत एक क्लास वन अधिकारी बने। उन्होंने कहा कि हमारा परिवार हमेशा पढ़ाई और नौकरी को महत्व देता आया है, राजनीति को नहीं।
अभिजीत दीपके की मां ने यह भी बताया कि अभिजीत ने मीडिया की पढ़ाई की थी और इसी दौरान उन्हें आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए सोशल मीडिया से जुड़ा काम करने का मौका मिला था। उन्होंने कुछ समय तक पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल भी संभाले थे।
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं। फिलहाल वे अमेरिका के बोस्टन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने पुणे से मास मीडिया की पढ़ाई की है। शुरुआती शिक्षा संभाजीनगर के अल्फांसो स्कूल में हुई, जबकि 11वीं और 12वीं की पढ़ाई एसबी कॉलेज से पूरी की। उनकी मां ने कहा कि अभिजीत बचपन से ही बेहद शांत स्वभाव का था। वह पत्रकारिता में आगे की पढ़ाई के लिए विदेश गया है।
अभिजीत दीपके का दावा है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर जमा गुस्से की आवाज है। उनके मुताबिक नई पीढ़ी अब हिंदू-मुस्लिम और जात-पात की राजनीति से आगे बढ़ना चाहती है। युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और नई तकनीक चाहिए।
अभिजीत का दावा है कि यह आंदोलन किसी एक मुद्दे से पैदा नहीं हुआ, बल्कि वर्षों से युवाओं के भीतर जमा असंतोष का नतीजा है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर यह अभियान इतनी तेजी से लोगों के बीच पहुंच रहा है।
Updated on:
22 May 2026 08:51 am
Published on:
22 May 2026 08:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
