
Zeenat Aman Marriage With Mazhar Khan (सोर्स- एक्स)
Zeenat Aman Marriage With Mazhar Khan: 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड पर राज करने वाली जीनत अमान आज भी अपनी बेबाकी और शानदार अंदाज के लिए जानी जाती हैं। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद भी जीनत अमान अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी के पुराने किस्से साझा करती रहती हैं। हाल ही में अभिनेत्री ने अपने जीवन के उस दौर को याद किया, जब उनकी निजी जिंदगी बिखरने लगी थी और उसी समय उन्होंने दोबारा फिल्मों में वापसी की थी।
जीनत अमान ने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने अपने करियर के पीक पर एक खुशहाल पारिवारिक जिंदगी का सपना देखा था। शादी और बच्चों के आने के बाद उन्हें लगा था कि अब उनकी दुनिया पूरी हो चुकी है। लेकिन वक्त के साथ हालात बदलने लगे और रिश्तों में दूरियां आने लगीं।
अभिनेत्री ने बताया कि उस समय वो अपने छोटे बेटे अजान के साथ अपनी मां के घर रहने लगी थीं। उन्होंने बताया कि वो बस वहां से भागना चाहती थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक एक फिल्म का ऑफर मिला, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। जीनत ने बताया कि वो उस वक्त खुद को सिर्फ पत्नी, मां और बेटी की जिम्मेदारियों तक सीमित महसूस करने लगी थीं और उन्हें फिर से अपनी अलग पहचान की तलाश थी।
जीनत अमान ने खुलासा किया कि उन्होंने साल 1988 में कोर्टरूम ड्रामा 'गवाही' से फिल्मों में वापसी की थी। ये फिल्म उनके पहले बेटे के जन्म के कुछ समय बाद शूट हुई थी। अभिनेत्री के मुताबिक, उस समय उनकी मां ने उनका सबसे ज्यादा साथ दिया।
उन्होंने अपने बेटे की देखभाल की जिम्मेदारी संभाली ताकि जीनत दोबारा कैमरे के सामने लौट सकें। अभिनेत्री ने कहा कि अगर उनकी मां उनका साथ नहीं देतीं, तो शायद वो उस समय फिल्मों में लौट ही नहीं पातीं।
जीनत अमान ने अपने पुराने इंटरव्यू की एक क्लिप भी साझा की और मजाकिया अंदाज में खुद को ‘कमबैक क्वीन’ कहा। अभिनेत्री ने लिखा कि उनकी जिंदगी में इतने कमबैक हुए हैं कि अब वो खुद भी गिनती भूल चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने हाल ही में 'गवाही' दोबारा देखी, तो उन्हें एहसास हुआ कि फिल्म अपने समय से काफी अलग थी। स्लो कोर्टरूम ड्रामा और मर्डर मिस्ट्री पर बनी इस फिल्म में रोमांच और भावनाओं का अनोखा मेल था।
अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में अपनी मां का खास जिक्र किया। जीनत ने कहा कि एक समय ऐसा था जब वो प्रोफेशनल लाइफ से दूर जाना चाहती थीं, लेकिन बाद में निजी जिंदगी से निकलकर फिर काम की दुनिया में लौटना चाहती थीं।
उन्हें एहसास हुआ कि फिल्मों में काम करना सिर्फ करियर नहीं बल्कि उनकी असली पहचान का हिस्सा है। यही वजह रही कि उन्होंने जिंदगी के सबसे कठिन दौर में भी हार नहीं मानी।
जीनत अमान की निजी जिंदगी हमेशा सुर्खियों में रही। उन्होंने सबसे पहले संजय खान से शादी की थी, लेकिन दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। बाद में अभिनेत्री ने मजहर खान से विवाह किया, जिनसे उनके दो बेटे अजान और जहान हुए।
एक पुराने इंटरव्यू में जीनत ने बताया था कि मजहर खान की दवाइयों की लत ने उनकी शादीशुदा जिंदगी को काफी प्रभावित किया। डॉक्टरों ने भी उनकी सेहत को लेकर गंभीर चेतावनी दी थी। आखिरकार साल 1998 में किडनी फेल होने की वजह से मजहर खान का निधन हो गया।
आज भी जीनत अमान अपनी जिंदगी के अनुभवों को खुलकर साझा करती हैं और यही वजह है कि नई पीढ़ी भी उन्हें उतना ही पसंद करती है जितना पुराने दौर के दर्शक करते थे।
Published on:
22 May 2026 08:25 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
