
अभिजीत दिपके को मिली जान से मारने की धमकी
नीट पेपर लीक विवाद के बीच सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई व्यंग्यात्मक ऑनलाइन मुहिम ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party) को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सीजेपी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने उनकी आधिकारिक वेबसाइट को बंद कर दिया है। इससे पहले इसका मुख्य ‘एक्स’ हैंडल भी भारत में रोक दिया गया था। इस बीच, दीपके और उनके परिवार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिल रही है, जिसके चलते महाराष्ट्र में उनके घर के बाहर पुलिस की तैनाती की गई है।
अभिजीत दीपके ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि जैसे-जैसे उनका ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ वाला ऑनलाइन आंदोलन युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है, वैसे-वैसे कार्रवाई बढ़ती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी वेबसाइट पर 10 लाख ‘कॉकरोच’ (लोग) रजिस्टर हुए थे और 6 लाख ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर हस्ताक्षर भी किया था।
उन्होंने ने एक अन्य पोस्ट में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, “सरकार कॉकरोच से इतनी डर क्यों रही है?” उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के जरिए देश के युवाओं को तानाशाही व्यवहार देखने को मिल रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी का इंस्टाग्राम पेज, उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट और बैकअप एक्स हैंडल भी प्रभावित हुए हैं।
बीते कुछ दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुई है। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर छात्रों और अभिभावकों के गुस्से के बीच इस अभियान को बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिला। महज 7 दिनों के भीतर ही इसके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फॉलोअर्स का आंकड़ा 18.7 मिलियन (1.87 करोड़) के पार पहुंच गया, जो देश के बड़े राजनीतिक दलों से भी ज्यादा है।
हालांकि, जहां एक ओर कई लोग इस मुहिम का समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इसे लेकर ट्रोलिंग और तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसके पीछे अभिजीत दीपके का निजी स्वार्थ होने का दावा कर रहे हैं, तो कुछ इसे युवाओं की क्रांति का आगाज बता रहे हैं।
हालांकि, अभिजीत की बढ़ती लोकप्रियता ने उनके परिवार की चिंता भी बढ़ा दी है। उनके पिता भगवान दीपके ने साफ कहा कि वे नहीं चाहते कि उनका बेटा राजनीति में जाए। उन्होंने कहा कि अभिजीत को अब इस मुहिम को रोक देना चाहिए। हमें उसकी लोकप्रियता से डर लगने लगा है। उसकी मां ठीक से सो नहीं पा रही है।
इस बीच, छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने अभिजीत के वालुज स्थित घर के बाहर सुरक्षा तैनात कर दी है। बताया जा रहा है कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की कई धमकियां मिल चुकी हैं। खुद अभिजीत ने इन कथित धमकियों के स्क्रीनशॉट और वीडियो भी साझा किए हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। हालांकि अभिजीत अभी अमेरिका के बोस्टन में हैं।
Updated on:
24 May 2026 11:31 am
Published on:
24 May 2026 11:31 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
