
Maha Corona: महाराष्ट्र में 2 हजार 334 लोग संक्रमित, उपचार के बाद 229 लोग घर लौटे
मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना महामारी का कहर जारी है। तमाम उपायों के बावजूद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को राज्य में 352 लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुए। 24 घंटे के भीतर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना के 242 नए मरीज सामने आए। इसके साथ ही महानगर में कोरोना मरीजों की संख्या 1703 हो गई है। उपचार के दौरान आज राज्य में 11 लोगों की मौत हुई। इनमें से 9 लोगों ने मुंबई में दम तोड़ा। राज्य में कोरोना अब तक 160 लोगों की जान ले चुका है, जबकि मुंबई में 110 लोगों की मौत हुई है।
पनवेल मनपा क्षेत्र में 10 मरीज...
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि उपचार के बाद स्वस्थ हुए 229 लोग घर भेजे गए हैं। इनमें से मायानगरी में 43 लोग सोमवार को डिस्चार्ज किए गए। बीएमसी को शामिल करते हुए ठाणे, पुणे और नासिक मंडल में कोरोना से हाल बेहाल हैं। कोरोना के खिलाफ जंग में पुणे के सभी निजी अस्पताल अब सरकार की निगरानी में काम करेंगे। बीएमसी सहित ठाणे मंडल में अब तक 1963 लोग संक्रमित पाए गए जिनमें से 126 की मौत हो चुकी है। ग्रामीण इलाकों को मिला कर ठाणे मनपा क्षेत्र में 61, नवी मुंबई में 46, कल्याण-डोंबिवली में 50, उल्हासनगर में 1, भिवंडी में 1, मीरा भायंदर में 53, पालघर में 4 और वसई विरार मनपा क्षेत्र में 29 और पनवेल मनपा क्षेत्र में 10 मरीज हैं।
धारावी में कोरोना के 49 मरीज, पांच की मौत...
एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी को लेकर राज्य सरकार और बीएमसी प्रशासन की चिंता बढ़ती जा रही है। रोकथाम के उपायों को धता बताते हुए धारावी में संक्रमितों की संख्या 49 तक पहुंच गई है। 15 लाख की आबादी वाले परिसर में पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है। दादर के सुश्रूषा हॉस्पिटल के दो डॉक्टर और चार नर्सों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए धारावी में रहने वाले लोगों को हायड्रोक्सी क्लोरोक्वीन दवा वितरित की जा सकती है।
बांबे हॉस्पिटल सील करने की मांग...
बांबे हॉस्पिटल के एक रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर के भी कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह डॉक्टर एक गर्भवती महिला का इलाज कर रहा था। संक्रमित डॉक्टर के संपर्क में आए अन्य कर्मचारियों ने कोरोना टेस्ट की मांग की है,। सेनेटाइजेशन की जरूरत का हवाला देते हुए कर्मचारी बांबे हॉस्पिटल को सील करने की मांग कर रहे हैं। बता दें कि ताज होटल के छह संक्रमित कर्मचारी भी इसी अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
Published on:
14 Apr 2020 10:07 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
