1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एक महीने से बुखार और इंफेक्शन, किडनी पर असर! बॉम्बे हॉस्पिटल ने बताया कैसी है अन्ना हजारे की तबियत

Anna Hazare Health Update: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को तबियत बिगड़ने के बाद मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि उन्हें एक महीने से वायरल बुखार था और अब उनकी हालत स्थिर है।
3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Sep 01, 2026

Anna Hazare news

अन्ना हजारे (Photo: IANS/IANS)

Anna Hazare Hospitalised: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के मुताबिक, 89 वर्षीय अन्ना हजारे पिछले करीब एक महीने से वायरल बुखार और इंफेक्शन की समस्या से जूझ रहे थे। पहले उनका इलाज पुणे के शिरूर के एक अस्पताल में चल रहा था, लेकिन संक्रमण बढ़ने और किडनी पर असर पड़ने के संकेत मिलने के बाद उन्हें आगे की जांच और बेहतर निगरानी के लिए मुंबई लाया गया।

बॉम्बे अस्पताल के कंसल्टेंट फिजिशियन और संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. गौतम भंसाली ने अन्ना हजारे की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अन्ना हजारे को सोमवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है तथा इलाज का असर हो रहा है। डॉक्टर के मुताबिक, अगर सब कुछ सही रहा तो अगले 3 से 4 दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।

एक महीने से वायरल बुखार से थे परेशान

डॉ. गौतम भंसाली के अनुसार, अन्ना हजारे पिछले करीब एक महीने से वायरल बुखार से पीड़ित थे। इस दौरान उन्हें कई बार दस्त की समस्या भी हुई। उनकी तबीयत में उतार-चढ़ाव के कारण उन्हें शिरूर के अस्पताल में कई बार भर्ती होना पड़ा।

डॉक्टर ने बताया कि जब संक्रमण थोड़ा बढ़ गया और ऐसी स्थिति के संकेत मिले कि इसका असर किडनी पर पड़ना शुरू हो सकता है, तब उन्हें मुंबई के बॉम्बे अस्पताल लाने का फैसला किया गया।

ICU की जरूरत नहीं, स्पेशल वार्ड में चल रहा इलाज

डॉ. भंसाली ने बताया कि अस्पताल में भर्ती किए जाने के समय अन्ना हजारे की हालत पूरी तरह स्थिर थी। हालांकि, उन्हें कमजोरी और थकान महसूस हो रही थी।

फिलहाल उन्हें स्पेशल वार्ड के कमरे में रखा गया है और ICU में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है और अन्ना हजारे उपचार का अच्छा जवाब दे रहे हैं।

डॉक्टर के मुताबिक, वह आराम से खाना और पानी ले रहे हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

2D Echo समेत कई जांचें जारी

अन्ना हजारे का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि अन्ना हजारे की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन करने के लिए अस्पताल में कई जांचें की जा रही हैं। डॉक्टरों ने 2डी-इको समेत कुछ महत्वपूर्ण जांचें पूरी कर ली हैं। फिलहाल उनके यूरिन टेस्ट और संक्रमण से जुड़ी अन्य जांचें की जा रही हैं। डॉक्टर ने बताया कि इन जांचों की रिपोर्ट अगले तीन से चार दिनों में मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट आने के बाद आगे के इलाज को लेकर उचित निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने फोन कर जाना अन्ना का हाल

अन्ना हजारे के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आने के बाद कई लोगों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों से जानकारी ली। डॉक्टर गौतम भंसाली के मुताबिक, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अन्ना हजारे के अस्पताल में भर्ती होने के तुरंत बाद फोन किया था। उन्होंने आज भी फोन कर अन्ना हजारे की स्वास्थ्य स्थिति की पूरी जानकारी ली और उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई।

सेना से सेवा के बाद बने सामाजिक कार्यकर्ता

अन्ना हजारे ने सेना में सेवा देने के बाद अपना जीवन सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित किया। उन्होंने पिछले कई दशकों में ग्रामीण विकास, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है।

अन्ना हजारे के नेतृत्व में वर्ष 2011 का भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन देश के सबसे चर्चित जन आंदोलनों में शामिल रहा। मजबूत लोकपाल कानून की मांग को लेकर उन्होंने 13 दिनों तक अनशन किया था। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में लोग दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों पर उतरे थे। अन्ना हजारे को सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है। फिलहाल अन्ना हजारे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और अस्पताल के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग