
केतन अग्रवाल, सिया गोयल और चेतन चौधरी (Photo: IANS)
Siya Goyal Chetan Chaudhary: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस की पूछताछ में हर दिन ऐसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं, जिसे सुनकर जांच अधिकारी भी दंग हैं। मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने केतन को रास्ते से हटाने के लिए कितनी शातिर और खौफनाक प्लानिंग की थी, इसकी एक-एक परत अब खुलती जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि चेतन के पास कार का विकल्प होने के बावजूद वह पुणे से करीब 90 किलोमीटर दूर लोहगढ़ किला स्कूटर से पहुंचा था। वहीं, जांच में यह भी सामने आया कि सिया गोयल ने केतन के साथ नाइट स्टे से बचने के लिए कथित साजिश को अपने जन्मदिन से एक दिन पहले अंजाम दिलाया।
पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, 18 जून को चेतन चौधरी जानबूझकर कार से नहीं गया। उसे डर था कि अगर वह कार का इस्तेमाल करेगा तो टोल प्लाजा के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी आवाजाही का पता चल सकता है।
इसी वजह से उसने लगभग 90 किलोमीटर का सफर स्कूटर से तय किया और लोहगढ़ किले पहुंचा। पुलिस ने जांच के दौरान वह स्कूटर भी जब्त कर लिया है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, चेतन ने लोहगढ़ किले पर पहुंचने के बाद अपनी पहचान छिपाने की भी कोशिश की। वह हुडी पहनकर किले पर चढ़ा था। बाद में उसने हूडी उतारकर काले रंग की टी-शर्ट में खुद को सामान्य पर्यटक की तरह दिखाया और लौटते समय फिर से हुडी पहन ली, ताकि कोई उसे आसानी से पहचान न सके।
पुलिस का दावा है कि हत्या की पूरी साजिश पहले से तैयार की गई थी। जांच के मुताबिक, चेतन किले पर दूर से केतन अग्रवाल और उसकी मंगेतर सिया गोयल पर नजर रखे हुए था। योजना के अनुसार, सिया को पानी पीने या जूते के फीते बांधने का बहाना बनाकर नीचे बैठना था। यही चेतन के लिए हमला करने का संकेत था।
जांच अधिकारियों का कहना है कि यह संकेत इसलिए तय किया गया था ताकि वारदात के समय सिया, केतन के बिल्कुल पास न हो। पुलिस का मानना है कि अगर सिया पास खड़ी होती तो गिरते समय केतन उसे पकड़ सकता था और पूरी योजना विफल हो सकती थी।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने इंटरनेट पर हत्या करने और उसे दुर्घटना जैसा दिखाने के तरीकों की जानकारी जुटाई थी। पुलिस के अनुसार, मई के अंत तक दोनों ने पूरी साजिश तैयार कर ली थी। इतना ही नहीं, पुलिस के हाथ कोई डिजिटल सबूत न लगे, इसके लिए दोनों ने पहले से ही तय कर लिया था कि व्हाट्सएप पर कौन से मैसेज डिलीट करने हैं और कौन से रहने देने हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों ने उसी योजना के मुताबिक अपने चैट और डिजिटल गतिविधियों को संभालकर रखा। आरोपियों की कोशिश थी कि पूरी वारदात एक हादसा लगे और किसी को हत्या का शक न हो। फिलहाल जांच एजेंसी दोनों के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वारदात से पहले कई बार लोहगढ़ किले पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने कथित तौर पर ऐसी जगह की तलाश की थी, जहां से वारदात को आसानी से अंजाम दिया जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने कथित तौर पर रिहर्सल कहां और कितनी बार की थी।
रविवार को पुलिस सिया गोयल को लोहगढ़ किले लेकर गई और डमी की मदद से पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया।
पूछताछ के दौरान सिया गोयल से मिली जानकारी ने अधिकारियों को भी चौंका दिया है। जानकारी के मुताबिक, 19 जून को सिया का जन्मदिन था। केतन ने उसके जन्मदिन को खास बनाने के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी होटल में सेलिब्रेशन और नाइट स्टे की योजना बनाई थी।
पुलिस का दावा है कि सिया को इस बात का डर था कि उसे केतन के साथ एक ही कमरे में रुकना पड़ेगा। इसी वजह से उसने कथित तौर पर 18 जून को यानी अपने जन्मदिन से एक दिन पहले ही चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की साजिश को अंजाम देने का फैसला किया।
दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। जांच एजेंसी डिजिटल सबूत, घटनास्थल की परिस्थितियों और हत्या की कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सिया और चेतन की पुलिस हिरासत आज खत्म होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया है। पुलिस दोनों की फिर से पुलिस हिरासत की मांग कर रही है।
Updated on:
29 Jun 2026 05:24 pm
Published on:
29 Jun 2026 05:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
