
Ladki Bahin Yojna Update
Ladki Bahin Yojana Update: महाराष्ट्र में ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना’ (Majhi Ladki Bahin Yojana) की जनवरी की किस्त का इंतजार कर रहे लाभार्थियों के लिए बड़ी अपडेट है। योजना की पिछले महीने के हप्ते का इंतजार अब खत्म होने वाला है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस किस्त के वितरण के लिए फंड जुटाना शुरू कर दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, सामाजिक न्याय विभाग ने जनवरी की किस्त के लिए 98.45 करोड़ रुपये का फंड महिला एवं बाल विकास विभाग को ट्रांसफर कर दिया है। सरकार के इस बड़े कदम से साफ हो गया है कि अगले कुछ ही दिनों में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि जमा कर दी जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने जनवरी की किस्त के वितरण से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी ला दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फंड वितरण को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने 18 फरवरी को शासन निर्णय (GR) जारी किया है। सामाजिक न्याय विभाग समय-समय पर इस योजना के लिए फंड आवंटित करता है और इस बार का 98.45 करोड़ रुपये का आवंटन विशेष रूप से जनवरी महीने की लंबित किस्त के लिए है। इस आधिकारिक आदेश के बाद अब तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं, ताकि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जल्द ही पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंच सके।
गौरतलब है कि नवंबर और दिसंबर 2025 की किस्तें पहले ही दी जा चुकी हैं, लेकिन जनवरी 2026 की किस्त में कुछ देरी हुई थी। स्थानीय निकायों और नगर निगम चुनावों के कारण लागू आचार संहिता और ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया में सुधार के चलते वितरण में बाधा आई थी। हालांकि, अब सरकार फंड जारी कर रही है, जिससे भुगतान का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीन योजना (Ladli Behen Scheme) के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाते हैं। हालांकि जो महिलाएं पहले से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और नमो शेतकरी महासम्मान निधि का लाभ ले रही हैं, उन्हें लाडकी बहीण योजना से 500 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का फायदा केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनका ई-केवाईसी पूरा है। जिन लाभार्थियों के फॉर्म में किसी भी प्रकार की त्रुटियां थीं या गलत जानकारी भरी थी, उन्हें सुधार के लिए 31 मार्च 2026 तक का समय दिया गया है। ऐसे मामलों में जहां किस्तें रुकी हुई हैं, सुधार प्रक्रिया पूरी होने के बाद लंबित महीनों का पैसा एक साथ दिया जा सकता है।
महाराष्ट्र में लगभग दो करोड़ महिलाएं इस योजना से जुड़ी हैं और जनवरी की किस्त को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। फंड जारी होने के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि किस तारीख को पैसे खाते में आएंगे।
Updated on:
20 Feb 2026 04:47 pm
Published on:
20 Feb 2026 04:45 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
