
महाराष्ट्र के पुणे जिले के वारजे इलाके में एक 29 वर्षीय युवक ने अपनी महिला मित्र की 13 साल की बेटी के साथ हैवानियत की। यौन उत्पीड़न का यह सनसनीखेज मामला तब सामने आया जब पीड़िता स्कूल देरी से पहुंची। आरोपी ज्ञानेश्वर रायरीकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बच्ची की विधवा मां और आरोपी पिछले कई वर्षों से अच्छे दोस्त थे। इसी भरोसे के चलते मां ने अपनी बेटी को उसके साथ जाने की अनुमति दी थी, लेकिन आरोपी ने इस विश्वास का कत्ल करते हुए मासूम के साथ घिनौनी हरकत की। मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात उस समय हुई जब मासूम बच्ची स्कूल जाने के लिए तैयार थी। आरोपी ज्ञानेश्वर ने बच्ची की मां को उसे स्कूल छोड़ने का झांसा दिया और उसे अपनी कार में बैठा लिया। वह बच्ची को स्कूल ले जाने के बजाय पुणे के डीपी रोड इलाके में ले गया। वहां सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर उसने कार के भीतर ही बच्ची का यौन उत्पीड़न किया। दरिंदगी करने के बाद आरोपी ने बच्ची को डराया-धमकाया और किसी को कुछ बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी। उसने बच्ची को स्कूल भी छोड़ा.
इसी बीच, मां यह देखने के लिए स्कूल गई कि उसकी बेटी पहुंची है या नहीं, तो उन्हें पता चला कि वह आधे घंटे देरी से पहुंची।
इस घिनौनी करतूत का खुलासा तब हुआ जब बच्ची स्कूल से घर लौटी। मां ने उससे जब पूछा की वह सुबह स्कूल पहुंचने में आधा घंटा लेट क्यों हुई। तो बच्ची बुरी तरह घबरा गई और रोने लगी। बच्ची ने आपबीती सुनाई तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। बिना समय गंवाए मां ने वारजे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ज्ञानेश्वर को धर दबोचा।
वारजे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उस वाहन की भी जांच की जा रही है जिसमें यह कथित अपराध हुआ। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
Updated on:
20 Feb 2026 03:20 pm
Published on:
20 Feb 2026 03:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
