
अमरावती में बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से सगे भाई-बहन समेत चार की मौत (Photo: IANS/File)
महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के धातखेडा गांव के एक तालाब में नहाने गए चार किशोरों की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई-बहन भी शामिल हैं। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के धातखेडा गांव में एक तालाब है, जहां एक ही परिवार के 9 बच्चे पिकनिक मनाने गए थे। खाना खाने के बाद वे सभी पानी में उतर गए। उनमें से कुछ को तैरना आता था, जबकि कुछ को तैरना नहीं आता था। जिन्हें तैरना आता था, वह बचकर बाहर आ गए, लेकिन चार किशोर डूब गए। मामले में आगे की जांच जारी है।
अधिकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सोनाली नरेंद्र जोशी (16 वर्ष), आदित्य नरेंद्र जोशी (12 वर्ष), पायल बबलू पंडित (21 वर्ष) और यश गजानन काकणे (13 वर्ष) के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक अमरावती के खोलापुरी गेट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में गोडे कॉलेज के पीछे स्थित धातखेडा तालाब में हुआ। चारों मृतक तालाब में नहाने और तैरने गए थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से वे डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। इस बीच, सूचना पाकर पुलिस और जिला प्रशासन की डीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से चारों शवों को पानी से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले सोनाली और आदित्य सगे भाई-बहन थे। एक ही परिवार के चार युवाओं की मौत से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
फिलहाल फ्रेजरपुरा पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गहरे पानी का अंदाजा नहीं होने की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Updated on:
11 May 2026 10:59 am
Published on:
11 May 2026 10:54 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
