
मुंबई की 36 सीटों पर किसका चलेगा सिक्का, जाने यहां
मुंबई. विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मुंबई, ठाणे और पालघर जिले की 60 विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने की तैयारी पुलिस की ओर से की गई है। मुंबई की 36, ठाणे की 18 और पालघर जिले की छह सीटों पर 62 हजार से ज्यादा जवान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। पुलिस के साथ ही राज्य व केंद्रीयरिजर्व दल के जवान और होमगार्ड को रविवार को मतदान क्षेत्रों में तैनात कर दिया जाएगा। रविवार से अगले तीन दिनों तक पुलिस कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है।
3500 होमगार्ड ठाणे जिले में
विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर कांटे की टक्कर है। इसे देखते हुए पुलिस महानिदेशक सुबोध जायसवाल ने पुलिस को सभी क्षेत्रों में कड़ी निगरानी का आदेश दिया है। स्थानीय पुलिस के साथ ही मतदान केंद्रों के पास सीआरपीएफ की 22 और एसआरपीएफ की 12 कंपनियां तैनात होंगी। साथ ही होमगार्ड के भी हजारों जवान ड्यूटी पर लगाए जाएंगे। 2700 होमगार्ड मुंबई में तो 3500 होमगार्ड ठाणे जिले में तैनात किए जाएंगे। चुनाव समाप्त होने तक उन्हें तैनात किया गया है।
नाकाबंदी-वाहनों की जांच
मुंबई, ठाणे और पालघर जिले में फैलीं 60 विधानसभा सीटों की सीमा में पुलिस की ओर से जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी ली जा रही है। इसके साथ ही अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को तड़ीपार किया जा रहा है, जिनमें मुंबई में 33 मामलों में 12 करोड़ 14 लाख 20 हजार नगद जब्त किए गए हैं। इसकी जांच आयकर विभाग कर रहा है। आचार संहिता उल्लंघन के 34 मामले दर्ज किए गए हैं।
6,315 हथियार जब्त
आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुंबई में 511 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में 4,327, नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में 962 और ठाणे ग्रामीण अधीक्षक कार्यालय क्षेत्र में 513 हथियार जब्त किए गए हैं। ठाणे में अब तक 40 लाख रुपए कीमत की दो लाख 86 हजार लीटर अवैध देसी-विदेशी शराब जब्त की गई है।
आतंकी गतिविधियों पर रहेगी नजर
चुनाव के दौरान आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए पुलिस को सतर्क किया गया है। इसके लिए सभी अधिकारियों ंऔर कर्मचारियों को सूचित कर दिया गया है। फोर्स वन, क्यूआरटी, असॉल्ट टीम, एटीएस आदि एजेंसियों को तैयार रखा गया है।
Published on:
20 Oct 2019 04:53 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
