
Maharashtra Assembly Election 2024
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। लेकिन राज्य में दोनों ही प्रमुख गठबंधनों (महायुति और एमवीए) की ओर से सीटों के बंटवारे को लेकर पेंच अभी तक नहीं सुलझ पाया है। हालांकि सत्तारूढ़ महायुति की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि जल्द ही सीटों का बंटवारा हो जाएगा। जबकि विपक्षी गठबंधन एमवीए में कम से कम 20 से 25 सीटों पर फैसला नहीं हो पा रहा है।
एमवीए में शामिल कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि अधिकांश सीटों पर सहमति बन गई है। लेकिन 20 से 25 ऐसी सीटें हैं जिनको लेकर एमवीए के घटक दलों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक दावे किये गए हैं। उन्होंने कहा कि इन सीटों की लिस्ट समाधान के लिए प्रत्येक पार्टी के आलाकमान को भेजी जाएगी।
महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति में शिवसेना, बीजेपी और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और विपक्षी महाविकास आघाडी (MVA) में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) शामिल है।
वहीँ, सीट बंटवारे की बातचीत पर एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि एमवीए के तीनों सहयोगी दलों के बीच 288 में से 200 सीट पर आम सहमति बन चुकी है। इस बीच कहबर आ रही है कि दिल्ली में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में 110 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगने की खबर है। बीजेपी ने राज्य विधानसभा चुनाव में 150 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बनाई है।
महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
Updated on:
18 Oct 2024, 3:12 PM IST
Published on:
18 Oct 2024, 3:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.