11 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नेता ही नहीं मसीहा भी! डिप्टी CM ने चार्टर्ड विमान से मरीज को पहुंचाया अस्पताल, खुद भी थे सवार

Eknath Shinde: मरीज की फ्लाइट छूटने पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उसे अपने चार्टर्ड विमान से मुंबई पहुंचाया, एम्बुलेंस की व्यवस्था कर अस्पताल में भर्ती कराया।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 08, 2025

Eknath Shinde Deputy CM Maharashtra

शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे (Photo: IANS)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक बार फिर संवेदनशीलता और जनसेवा की मिसाल पेश की है। किडनी की बीमारी से जूझ रही एक महिला मरीज की उड़ान छूटने पर उन्होंने उसे अपने चार्टर्ड विमान से मुंबई पहुंचाकर समय पर इलाज की सुविधा दिलाने की कोशिश की।

यह घटना शुक्रवार रात जलगांव एयरपोर्ट पर हुई, जब शिंदे मुक्ताईनगर में ‘संत मुक्ताबाई पालखी प्रस्थान समारोह’ में शामिल होने के बाद मुंबई लौट रहे थे। उसी दौरान एक महिला मरीज शीतल बोर्डे की मुंबई के लिए निर्धारित उड़ान छूट गई, जबकि उसे तुरंत किडनी ट्रांसप्लांट (गुर्दा प्रत्यारोपण) सर्जरी के लिए मुंबई के अस्पताल में भर्ती होना था।

यह भी पढ़े-‘आदिल की बहादुरी को सलाम’, एकनाथ शिंदे ने परिवार को दिए 5 लाख, घर बनाने में भी करेंगे मदद

अपनी विमान छूटने से परेशान शीतल ने जब एयरपोर्ट पर मौजूद स्थानीय शिवसेना कार्यकर्ताओं से मदद की गुहार लगाई, तो उन्होंने तुरंत राज्य के मंत्री गिरीश महाजन से संपर्क किया। महाजन ने उपमुख्यमंत्री शिंदे को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद शिंदे ने बिना किसी देरी के शीतल और उनके पति को अपने चार्टर्ड विमान से मुंबई ले जाने की अनुमति दी।

सफर के दौरान शिवसेना प्रमुख व उपमुख्यमंत्री शिंदे ने खुद महिला मरीज से बातचीत कर उसकी तबीयत और इलाज की जानकारी ली। मुंबई पहुंचते ही उन्होंने विशेष एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाई और महिला की अस्पताल में भर्ती की पूरी प्रक्रिया पर नजर भी रखी।

हालांकि, बाद में यह जानकारी सामने आई कि मरीज और दानकर्ता के गुर्दे का मेल न होने के कारण ट्रांसप्लांट सर्जरी नहीं हो सकी। हालांकि उपमुख्यमंत्री द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीयता की सराहना हर कोई कर रहा है।

बताया जा रहा है कि उस दिन शिंदे की चार्टर्ड फ्लाइट आधे घंटे से अधिक देरी से जलगांव एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। दरअसल, पायलट की तबीयत खराब होने और कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से यह देरी हुई, लेकिन यही देरी किसी के लिए जीवन की उम्मीद बन गई।

यह भी पढ़े-माओवाद की कमर टूटी,CM फडणवीस की मौजूदगी में 12 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 1 करोड़ से ज्यादा का था इनाम