
प्रतीकात्मक तस्वीर (Patrika Photo)
महाराष्ट्र के बीड जिले में ग्रामीण युवकों को शादी का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में अब बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। इस मामले की मुख्य आरोपी 'लुटेरी दुल्हन' का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें उसने दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से शादी कर लोगों को नहीं ठगा है, बल्कि चार लोगों ने उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उससे यह सब जबरन करवाया है। युवती के इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है।
वीडियो में खुद को भारती गुमस्ते बताते हुए युवती ने कहा कि उसके पिता नहीं हैं और परिवार में उसकी मां, पांच बहनें और एक भाई है। तीन बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उसका भाई संगमनेर के एक हॉस्टल में रहता है।
युवती का आरोप है कि अर्चना पाटिल, उसका बेटा सागर, गणेश अंदुरे और राधा अंदुरे लगातार उसे धमकाते थे। अगर वह शादी करने से मना करती, तो उसके भाई की हत्या करने की धमकी दी जाती थी।
उसने दावा किया कि डर और मजबूरी की वजह से वह उनके कहने पर अलग-अलग जगह शादी करती रही।
युवती ने वीडियो में कहा कि पहली शादी के बाद आरोपी खुद उसे वहां से वापस ले आए। दूसरी शादी के दौरान उसने वहीं रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन आरोपियों ने उसे वापस आने के लिए मजबूर किया। बात नहीं मानने पर उसके घरवालों को जान से मारने की धमकी दी।
उसके मुताबिक अगर वह मना करती, तो उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी जाती थी। युवती ने कहा कि हर शादी के कुछ दिनों बाद आरोपी उसे लेने पहुंच जाते थे और जिन लोगों से उसकी शादी हुई, उनसे संपर्क करने भी नहीं देते थे।
वीडियो में उसने दावा किया कि आठ शादियों तक वह इस गिरोह का भंडाफोड़ नहीं कर पाई, लेकिन नौवीं शादीको के दौरान उसके पति को इंस्टाग्राम पर कुछ जानकारी मिली। जिससे उसे शक हुआ और उसने कहा कि सारी बातें सच सच बता दें, वह उसे कुछ नहीं होने देगा। इसके बाद उसने अपने पति को पूरी सच्चाई बता दी।
यह पूरा मामला बीड जिले के गेवराई तालुका के उमापूर गांव से सामने आया था। यहां रहने वाले Yogesh Shinde नाम के युवक के साथ कथित धोखाधड़ी होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।
आरोप है कि योगेश की शादी करवाने के नाम पर एजेंटों ने उससे करीब 3 से 3.5 लाख रुपये वसूले थे। शादी के कुछ दिनों बाद ही दुल्हन नकदी और गहने लेकर फरार हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह खास तौर पर ग्रामीण इलाकों के उन अविवाहित युवकों को निशाना बनाता था, जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी।
गिरोह पहले लड़की की गरीबी और मजबूरी की कहानी सुनाकर लड़के वालों से लाखों रुपये ऐंठता था। शादी के बाद युवती कुछ दिन ससुराल में रहती और मौका मिलते ही घर के गहने व नकदी लेकर गायब हो जाती थी।
बताया जा रहा है कि इस रकम का बड़ा हिस्सा एजेंट अपने पास रख लेते थे।
मुख्य आरोपी युवती की गिरफ्तारी के बाद अब उसके वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या युवती वास्तव में दबाव में काम कर रही थी या फिर यह खुद को बचाने की कोशिश है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
Published on:
07 May 2026 04:31 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
