
HSC 12th Board Exam : महाराष्ट्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। विरार में बारहवीं बोर्ड परीक्षा की कई उत्तरपत्रिकाएं एक शिक्षिका के घर में आग लगने से जल गईं। यह घटना 10 मार्च को विरार (पश्चिम) के बोलींज नानभाट रोड स्थित गंगूबाई अपार्टमेंट में हुई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाया। आग लगने का वास्तविक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षिका उत्तरपत्रिकाएं जांचने के लिए अपने घर ले गई थीं। लेकिन सोमवार को उनके घर में अचानक आग लग गई, जिसमें उत्तरपत्रिकाओं का बंडल जल गया। इस हादसे के चलते कई छात्रों के रिजल्ट पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब बोर्ड के नियमों के अनुसार उत्तरपत्रिकाओं की जांच स्कूल में ही करनी होती है, तो शिक्षिक घर क्यों ले गईं?
बोर्ड के नियमानुसार, उत्तरपत्रिकाओं को सुरक्षित रूप से स्कूल में ही जांचा जाना चाहिए। अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
इस घटना से चिंतित अभिभावकों ने इस गंभीर लापरवाही की जल्द से जल्द जांच और उचित समाधान की मांग की है, ताकि प्रभावित छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अब सभी की निगाहें महाराष्ट्र बोर्ड पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
Updated on:
13 Mar 2025, 2:38 PM IST
Published on:
13 Mar 2025, 2:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.